जिस कचरे को समझा जाता था बेकार, अब उसी से बनेंगी सड़कें और कंक्रीट! भारत-नॉर्वे ने मिलाया हाथ

By: Nov 11th, 2026 5:29 pm

नई दिल्ली। भारत और नॉर्वे ने फ्लाई ऐश, स्टील स्लैग, रेड मड तथा निर्माण एवं तोड़ फोड़ से निकलने वाले मलबे को संसाधित कर सड़क निर्माण सामग्री, जियोपॉलीमर कंक्रीट और अन्य उपयोगी निर्माण उत्पाद तैयार करने के लिए संयुक्त तकनीक विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की है। वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) ने नॉर्वे के अनुसंधान संस्थान सिंटेफ और नॉर्वे की अनुसंधान परिषद के सहयोग से यहां ‘सीमेंट एवं निर्माण क्षेत्र में अपशिष्ट से संसाधन समाधान’ विषय पर भारत-नॉर्वे संवाद आयोजित किया गया जिसमें सीएसआईआर की विभिन्न प्रयोगशालाओं, नॉर्वे के वैज्ञानिकों, नियामक संस्थाओं तथा सीमेंट एवं निर्माण उद्योग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

आधिकारिक सूचना के अनुसार इस संवाद का उद्देश्य औद्योगिक और निर्माण अपशिष्ट के पुनः उपयोग, उनके सतत प्रबंधन और उनसे उपयोगी निर्माण सामग्री तैयार करने के लिए संयुक्त अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी सहयोग की संभावनाएं तलाशना था। यह पहल भारत और नॉर्वे के बीच हरित रणनीतिक साझेदारी के तहत चक्रीय अर्थव्यवस्था, स्वच्छ प्रौद्योगिकी और अनुसंधान सहयोग को बढ़ावा देने से जुड़ी है। चर्चा में निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले मलबे, स्टील स्लैग, फ्लाई ऐश, रेड मड और अन्य औद्योगिक अवशेषों का इस्तेमाल सड़क निर्माण, कंक्रीट तथा अन्य निर्माण सामग्रियों में करने की संभावनाओं पर विचार किया गया। इसके साथ ही इन अपशिष्टों के प्रसंस्करण, तकनीकी मानकों, आर्थिक व्यवहार्यता और बाजार में स्वीकार्यता से जुड़ी चुनौतियों पर भी चर्चा हुई।

संवाद के तकनीकी सत्रों में खतरनाक अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान पर भी विचार किया गया। इसमें स्थायी जैविक प्रदूषकों (पीओपी), डीडीटी और पीसीबी से दूषित सामग्री के उपचार के लिए सीमेंट भट्ठियों में नियंत्रित परिस्थितियों में सह-प्रसंस्करण की संभावनाएं तलाशी गईं। इस दौरान उत्सर्जन की निगरानी, पर्यावरण सुरक्षा, औद्योगिक परीक्षण और नियामकीय मानकों के पालन की आवश्यकता पर जोर दिया गया। सीएसआईआर की विभिन्न प्रयोगशालाओं ने फ्लाई ऐश, कॉपर स्लैग, रेड मड, प्लास्टिक अपशिष्ट और स्टील ग्रिट के इस्तेमाल से सड़क निर्माण सामग्री, जियोपॉलीमर कंक्रीट तथा अन्य उपयोगी निर्माण उत्पाद तैयार करने से संबंधित अपने अनुसंधान प्रस्तुत किए। वहीं, नॉर्वे के वैज्ञानिकों ने निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के पुनर्चक्रण, पुनर्चक्रित सामग्री से निर्माण उत्पाद तैयार करने और मोबाइल पुनर्चक्रण इकाइयों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।

संवाद में भविष्य के सहयोग के लिए दो से तीन संयुक्त अनुसंधान प्रस्ताव तैयार करने, खतरनाक अपशिष्ट के उपचार की प्रायोगिक परियोजनाएं शुरू करने, डीडीटी और पीसीबी से दूषित अपशिष्ट के निपटान के लिए तकनीकी दिशा-निर्देश बनाने तथा अपशिष्ट से निर्माण सामग्री विकसित करने जैसे क्षेत्रों की पहचान की गई। कार्यक्रम में सीएसआईआर-सीबीआरआई के निदेशक प्रो. आर. प्रदीप कुमार, सीएसआईआर की आईएसटीएडी प्रमुख डॉ. रमा स्वामी बंसल, रॉयल नॉर्वेजियन दूतावास के डॉ. अरविन गाडगिल तथा सिंटेफ के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. केरे हेल्गे कार्स्टेंसन सहित दोनों देशों के वैज्ञानिकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App