शीतकालीन सत्र में दिखेगा चुनावी साल का ट्रेलर, धर्मशाला के तपोवन में कल से बढ़ेगा सियासी पारा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला
हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 से 21 नवंबर के बीच धर्मशाला के तपोवन में शुरू हो रहा है। शिमला से सरकार के मंत्री और अधिकांश अधिकारी रविवार को धर्मशाला रवाना हो जाएंगे। यह 14वीं विधानसभा का 13वां सत्र जरूर है, लेकिन विंटर सेशन आखिरी है। इसलिए इस सत्र में इस बार आगामी चुनावी साल का ट्रेलर दिखेगा। यह ट्रेलर इसलिए सामने आएगा, क्योंकि एक तरफ राज्य सरकार हिमाचल हित की लड़ाई को सामने रखेगी और हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से जीते गए बीबीएमबी एरियर जैसे मामलों को आधार बनाएगी। दूसरी तरफ विपक्षी दल भाजपा कांग्रेस की गारंटियों पर सरकार को घेरने की कोशिश करेगी। इसके लिए 3.50 लाख महिलाओं को 1500 रुपए देने को आधार बनाया जाएगा।
सरकार की तरफ से जहां विपक्षी दल भाजपा की धड़े बंदी को सदन के भीतर भी रखा जाएगा, वहीं विपक्षी दल सरकार को कानून व्यवस्था, रोजगार, वित्तीय स्थिति जैसे मुद्दों की ओर खींचेगी। इसके बाद वर्तमान सरकार के पास बजट सत्र और मानसून सत्र के दो अवसर हैं। शीतकालीन सत्र से पहले हिमाचल में चुनाव आचार संहिता लग जाती है।
आज स्पीकर देंगे बिजनेस की जानकारी
विधानसभा के शीतकालीन सत्र में क्या बिजनेस रहने वाला है? इसकी जानकारी रविवार को प्रेस वार्ता में स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया देंगे। हालांकि कुल छह बैठकों वाले इस सत्र में गुरुवार19 नवंबर को गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस रखा गया है। बाकी सभी दिन शासकीय और विधायी कार्य होंगे, जबकि पहले दिन सोमवार को शोक उद्गार प्रस्ताव आएगा।
सदन में 12 से अधिक नए कानून बनाए जाएंगे
शीतकालीन सत्र में 12 से अधिक नए कानून बनाए जाएंगे या संशोधित किए जाएंगे। इनको लेकर विधेयक कैबिनेट ने शिमला में अप्रूव कर दिए हैं, जिन्हें धर्मशाला में सदन में रखा जाएगा। इनमें भूमि अधिग्रहण कानून में अतिरिक्त अधिग्रहित भूमि को वापस लेने के लिए किया जा रहा संशोधन और सार्वजनिक और गैर मुमकिन रास्तों को रोकने वालों पर जुर्माने का प्रावधान करने के लिए बदला जा रहा लैंड रेवेन्यू एक्ट महत्त्वपूर्ण है। यह सत्र सोमवार से शुरू होकर 21 नवंबर शनिवार तक चलेगा।
दोनों दलों ने बुलाई विधायक दल की बैठकें
कांग्रेस और भाजपा के विधायक दलों की बैठक सोमवार को धर्मशाला में होगी। सत्ता पक्ष की बैठक मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू विधानसभा परिसर के सत्ता पक्ष लांज में लेंगे, जबकि विपक्षी दल भाजपा विधायक दल की बैठक नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर 16 नवंबर को धर्मशाला में ही करेंगे। इन बैठकों में सदन के भीतर की रणनीति फाइनल होगी।
17 को भाजपा प्रदेश पदाधिकारी बनाएंगे रणनीति
विधानसभा सत्र के साथ भाजपा ने प्रदेश पदाधिकारी बैठक भी कांगड़ा में बुला ली है। ये बैठक 17 नवंबर मंगलवार को उत्सव मैरिज पैलेस, कच्छियारी मटौर में होगी। बैठक का समय प्रात: दस बजे रखा गया है। ये बैठक सांय छह बजे तक चलेगी। इसमें आगामी साल की कार्यक्रमों की रूपरेखा और विधानसभा चुनाव से संबंधित रणनीति पर चर्चा होगी।
धर्मशाला तैयार, कल आएगी सरकार
धर्मशाला। धर्मशाला एक बार फिर हिमाचल प्रदेश की सियासी गतिविधियों का मुख्य केंद्र बनने जा रही है। सोमवार यानी 16 नवंबर से तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में शुरू होने जा रहे 14वीं विधानसभा के 13वें शीतकालीन सत्र को लेकर शहर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित मंत्रिमंडल के सदस्य व विधायक सोमवार को धर्मशाला पहुंचेंगे। हालांकि अधिकारी यहां पहुंचना शुरू हो गए हैं। रविवार को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया धर्मशाला पहुंच जाएंगे और तैयारियों की समीक्षा करेंगे। सत्र के दौरान मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों, वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की लगातार आवाजाही रहेगी, जिससे शांत वादियों में सियासी सरगर्मियां अपने चरम पर होंगी। 16 नवंबर को दोपहर दो बजे सदन की कार्यवाही शोकोद्गार के साथ आरंभ होगी, जिसके बाद शासकीय एवं विधायी कार्य निपटाए जाएंगे। सत्र के दूसरे और तीसरे दिन यानी 17 व 18 नवंबर को भी सदन में शासकीय एवं विधायी कार्य जारी रहेंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
