मशोबरा में तीन दिन रहेगा शटडाउन
19, 22 और 23 नवंबर को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक बंद रहेगी बिजली
कार्यालय संवाददाता-शिमला
सर्दियों के मौसम से पहले बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विद्युत उपमंडल मशोबरा की ओर से विभिन्न बिजली फीडरों पर शटडाउन लिया जाएगा। इसके चलते 19, 22 और 23 नवंबर को मशोबरा उपमंडल के तहत आने वाले कई क्षेत्रों में सात घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत बोर्ड के अनुसार इन तीन दिनों में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक अलग-अलग फीडरों पर बिजली बंद रखी जाएगी। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा।
विद्युत उपमंडल मशोबरा के सहायक अभियंता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 19 नवंबर को 22 केवी गुम्मा नंबर तीन फीडर पर शटडाउन रहेगा। इसके चलते एलडब्ल्यूएसएस पंप गुम्मा की बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी। वहीं, 22 नवंबर को दो फीडरों पर बिजली बंद रहेगी। इस दिन 22 केवी चेयर फीडर के तहत आने वाले बडियाणा, चेयर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक बिजली नहीं रहेगी। इसी दिन 22 केवी गुम्मा-एआईआर फीडर पर भी शटडाउन लिया जाएगा। इसके चलते कांडा और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसके अलावा 23 नवंबर को 22 केवी शिलरू फीडर पर बिजली बंद रहेगी। इस फीडर के तहत चेंधर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी। विद्युत बोर्ड ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित शटडाउन को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी काम पहले ही निपटा लें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
