हिमाचल में हजारों श्रमिक परिवारों को मिलेगी राहत, इस बार त्योहार पर सरकार देगी खास तोहफा
श्रमिक परिवारों को 6.10 करोड़ रुपए देगी सरकार
कल मुख्यमंत्री बांटेंगे सौगात 1,444 पंजीकृत श्रमिकों और परिवारों को मिलेगा लाभ
स्टाफ रिपोर्टर — शिमला
दीपावली के त्योहार पर हिमाचल प्रदेश के हजारों श्रमिक परिवारों को आर्थिक सहायता का तोहफा मिलने जा रहा है। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की ओर से प्रदेश के 1,444 पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को कुल छह करोड़ 10 लाख 57 हजार 310 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू छह नवंबर को यह राशि लाभार्थियों को वितरित करेंगे। यह सहायता अलग-अलग योजनाओं के तहत दी जाएगी। इसमें सबसे अधिक राशि श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई के लिए निर्धारित की गई है।
शिक्षा सहायता योजना के तहत तीन करोड़ 14 लाख 67 हजार 700 रुपए वितरित किए जाएंगे। विवाह सहायता योजना के अंतर्गत एक करोड़ 70 लाख 87 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 86 लाख 58 हजार रुपए श्रमिक परिवारों को मिलेंगे। इसी तरह मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता योजना के तहत 32 लाख 80 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। चिकित्सा सहायता योजना के तहत 54 हजार 610 रुपए जारी किए जाएंगे, जबकि अन्य कल्याणकारी योजनाओं और सहायता मदों के अंतर्गत पांच लाख 10 हजार वितरित किए जाएंगे।
किस जिला के कितने लाभार्थियों को मिलेगी राहत
मंडी जिले के सबसे अधिक 440 लाभार्थियों को एक करोड़ 61 लाख 18 हजार 200 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। शिमला जिले के 183 लाभार्थियों को 72 लाख 97 हजार 200 रुपए और बिलासपुर जिले के 173 लाभार्थियों को 65 लाख 53 हजार 800 रुपए मिलेंगे। हमीरपुर जिले के 148 लाभार्थियों को 64 लाख 94 हजार 610 रुपए, किन्नौर के 168 लाभार्थियों को 64 लाख 92 हजार 200 रुपए तथा ऊना जिले के 142 लाभार्थियों को एक करोड़ पांच लाख 9 हजार 700 रुपए की सहायता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त कांगड़ा के 63 लाभार्थियों को 31 लाख 200 रुपए, चंबा के 50 लाभार्थियों को 14 लाख 12 हजार 600 रुपए और सिरमौर के 29 लाभार्थियों को 15 लाख 38 हजार 200 रुपए वितरित किए जाएंगे। कुल्लू के 38 लाभार्थियों को नौ लाख 45 हजार 600 रुपए तथा सोलन जिले के 10 लाभार्थियों को पांच लाख 95 हजार रुपए की आर्थिक सहायता मिलेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
