तीन अग्निकांड 50 लाख की संपत्ति राख : मनाली में कॉटेज जला, भोरंज में हार्डवेयर स्टोर स्वाह, चंबा में मकान जला
मनाली के नसोली में तीन मंजिला कॉटेज जला, 30 लाख का नुकसान
जिला संवाददाता-कुल्लू
मनाली के नसोगी गांव में मंगलवार रात भीषण अग्निकांड ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आग की लपटों ने देखते ही देखते तीन मंजिला सुसज्जित रिहायशी कॉटेज को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 11 पालतू बिल्लियां जिंदा जल गई, जबकि पूरी इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। अग्निकांड में करीब 30 लाख रुपए की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। गनीमत रही कि दमकल विभाग की मुस्तैदी से आसपास के तीन अन्य रिहायशी कॉटेज आग की चपेट में आने से बच गए। इनकी करीब दो करोड़ रुपए की संपत्ति सुरक्षित बचा ली गई। नसोगी में गौरी डोगरा के तीन मंजिला कॉटेज में मंगलवार रात अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही मनाली अग्निशमन केंद्र की टीम हरकत में आई।
अग्निशमन केंद्र मनाली के प्रभारी सरनपत ने बताया कि दमकल विभाग के नौ कर्मचारियों ने दो अग्निशमन वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाला। दमकल कर्मियों ने एक तरफ जलते कॉटेज में आग बुझाने का अभियान चलायाए दूसरी ओर आसपास के तीन रिहायशी कॉटेज को आग से बचाने के लिए कड़ी मशक्कत की। आग लगने का फिलहाल अभी तक पता नहीं चल पाया है।
भोरंज में शार्ट सर्किट से हार्डवेयर स्टोर स्वाह
कक्कड़ में मालिक को 20 लाख रुपए की चपत, सारा सामान राख
निजी संवाददाता-भोरंज
उपमंडल भोरंज के कक्कड़ गांव में बुधवार दोपहर एक हार्डवेयर स्टोर में भीषण आग लग गई। जब तक आग लगने के का पता चलता पूरा सामान आग की चपेट में आ चुका था। दो दिन पूर्व ही टॉयलट शीट्स की गाड़ी को यहां पर स्टोर कर रखा गया था। यहां रखा हुआ सारा सामान जल गया है। इस अग्निकांड में 20 लाख के नुकसान का अनुमान है। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। आग लगने का कारर्ण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
अग्निकांड दोपहर करीब 12 बजे के आस पास हुआ है। आग बिशन सिंह पुत्र प्रेम चंद निवासी कक्कड़ के हार्डवेयर स्टोर में लगी थी। आग लगने की घटना का पता चलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तथा आग बुझाने के कार्य में जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम पंचायत प्रधान जुल्मी देवी शर्मा भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और प्रभावित परिवार से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। प्रधान जुल्मी देवी शर्मा ने बताया कि हार्डवेयर स्टोर में आग लगने से लगभग 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। पटवार हल्का कक्कड़ के पटवारी रविंद्र कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का निरीक्षण किया।
चंबा के कुठेहड़ गांव में दोमंजिला मकान जला
मैहला। ग्राम पंचायत कलमला के कुठेहड गांव में स्लेटपोश दोमंजिला कच्चा मकान आग की भेंट चढ़ गया है। इस घटना में प्रभावित परिवार की जिंदगी भर की जमा-पूंजी स्वाह हो गई है। उपमंडलीय प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार धरवाला दिलो राम ने प्रभावित परिवार को दस हजार रुपए फौरी राहत प्रदान कर दी है। कुठेहड़ गांव के प्रकाश पुत्र ज्ञानू के स्लेटपोश मकान से अचानक आग की लपटें उठनी आरंभ हो गई। मकान में आग का धुंआ भरने से निचली मंजिल में सोए पारवारिक सदस्यों की नींद खुल गई। उन्होंने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
