लवी मेले में सजा पहाड़ों का खजाना; 15 हजार किलो मिल रही गुच्छी, चिलगोजा-किशमिश के हैं ये दाम

By: Nov 28th, 2026 10:47 pm

रामपुर में अंतरराष्ट्रीय उत्सव में पहाड़ी उत्पादों की खरीददारी को उमड़े लोग

वरिष्ठ संवाददाता-रामपुर बुशहर

अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में खरीदारी की रौनक के बीच सूखे मेवों और स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मेले में दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंच रहे लोग पहाड़ी उत्पादों और सूखे मेवों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

इनमें हिमाचल की मशहूर जंगली गुच्छी सबसे महंगे उत्पाद के रूप में बिक रही है। मेले में गुच्छी का भाव 15 हजार रुपए प्रति किलो है। इसकी ऊंची कीमत लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। मेले की किन्नौरी मार्केट में लगे सूखे मेवों के स्टॉल पर विभिन्न उत्पादों के अलग-अलग दाम हैं। यहां अखरोट 700 रुपए, बादाम गिरी और अंजीर 1500 रुपए प्रति किलो बिक रहे हैं। खुमानी 300 से 500 रुपए, किशमिश 600 रुपए, काजू 1200 रुपए, चिलगोजा 2000 रुपए और मखाना 1400 रुपए प्रति किलो के भाव से उपलब्ध है।

कुलथ 220 रुपए, राजमाह 500 रुपए किलो

मेले के सजे स्टॉल पर कुलथ 220 रुपए, मक्की का आटा 60 रुपए, ओगले का आटा 150 रुपए, तांगणू 600 रुपए, राजमाह 250 से 500 रुपए, जंगली लहसुन 1200 रुपए, काला मटर 300 रुपए और सतू 200 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। इसके अलावा नावरी नट्ट चावल 160 रुपए प्रति किलो उपलब्ध है। सेब की पेटी के दाम 1200 से 2000 रुपए बताए जा रहे हैं।

पहाड़ों उत्पादों की डिमांड

सूखे मेवों और स्थानीय उत्पादों की तुलना में गुच्छी का भाव काफी अधिक है। किन्नौरी मार्केट में स्टॉल लगाने वाले व्यापारी संजीव, यसु नेगी, सुरेंद्र और अन्य व्यापारियों ने बताया कि वे क्षेत्र के शुरुआती व्यापारियों में शामिल हैं, जो लवी मेले में सूखे मेवों के स्टॉल लगाते हैं। उनके स्टॉल पर विभिन्न प्रकार के सूखे मेवे, दालें और पहाड़ी उत्पाद उपलब्ध हैं। हर साल दूरदराज के क्षेत्रों से लोग मेले में खरीदारी करने पहुंचते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App