चिट्टे के साथ दो युवक गिरफ्तार
खब्बल के पास मीनू खड्ड पुल पर नाकाबंदी के दौरान सीआईए टीम ने 7.73 ग्राम नशा किया बरामद
निजी संवाददाता- नगरोटा सूरियां
पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगरोटा सूरियां के खब्बल गांव के समीप मीनू खड्ड पुल पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से 7.73 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कथोली निवासी सावन कुमार और अक्षित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर नगरोटा सूरियां-नंदपुर मार्ग पर नाका लगाया गया था। रात करीब 12:30 बजे नंदपुर की ओर से आ रही कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान उसमें से चिट्टा बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों युवक चंडीगढ़ से घर लौट रहे थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर शनिवार को दोनों आरोपियों को नूरपुर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने कहा कि नशे में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
