हिमाचल में मौसम का यू-टर्न, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी; 14 नवंबर तक 6 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

By: Nov 12th, 2026 6:22 pm

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के साथ ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है और प्रदेश भर में इसका असर नजर आया है। वीरवार को राज्य के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हो रही है, जिससे राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में सर्द मौसम की आहट हो चुकि है। राज्य के किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा जिले की ऊंची चोटियों पर रुक-रुक कर हल्का हिमपात हुआ है। दूसरी ओर, प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली में घने बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में आगामी 15 नवंबर तक मौसम खराब बना रहेगा।

मौसम विभाग ने 14 नवंबर तक राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग की ओर से जारी चेतावनी के मुताबिक, आज यानी 12 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद 13 नवंबर को शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में खराब मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 14 नवंबर को चंबा और कांगड़ा जिलों में आंधी और आसमानी बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने राहत की खबर देते हुए बताया है कि 16 से 18 नवंबर तक पूरे राज्य में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और धूप खिलेगी।

राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में गिरावट

राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी राज्य में सबसे अधिक ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे -2.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा प्रदेश के अन्य शहरों में दर्ज न्यूनतम तापमान बढ़ते क्रम में इस प्रकार रहा। ताबो में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस, केलंग में 0.6 डिग्री सेल्सियस, कल्पा में 3.2 डिग्री सेल्सियस, मनाली और सेऊबाग में 6.0 डिग्री सेल्सियस, बजौरा में 6.2 डिग्री सेल्सियस, सोलन में 7.2 डिग्री सेल्सियस, भुंतर में 8.0 डिग्री सेल्सियस, मंडी में 8.4 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर और कुफरी में 8.6 डिग्री सेल्सियस, बरठीं में 9.3 डिग्री सेल्सियस, चंबा में 9.6 डिग्री सेल्सियस, पालमपुर और बिलासपुर में 10.0 डिग्री सेल्सियस, राजधानी शिमला में 10.5 डिग्री सेल्सियस, ऊना में 10.6 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 11.4 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा में 11.6 डिग्री सेल्सियस, नाहन में 11.8 डिग्री सेल्सियस, जुब्बड़हट्टी में 13.2 डिग्री सेल्सियस, देहरा गोपीपुर में 14.0 डिग्री सेल्सियस, नेरी में 14.3 डिग्री सेल्सियस, सराहन में 16.1 डिग्री सेल्सियस और पांवटा साहिब में सबसे अधिक 18.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App