जिन-जिन राज्यों में BJP सरकार, वहां लागू होगा UCC; संविधान दिवस पर अमित शाह का ऐलान

By: Nov 27th, 2026 12:01 am

संविधान दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का ऐलान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
संविधान दिवस के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ऐलान किया है कि जिन-जिन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, वहां समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि कानून धर्म के आधार पर नहीं बनाए जाने चाहिए। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में बोलते हुए, शाह ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने यूसीसी को राज्य के नीति निर्देशक सिद्धांतों में शामिल किया था और धर्म से परे, सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून की परिकल्पना की थी।

उन्होंने यूसीसी लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं ने यूसीसी को संविधान के नीति-निर्देशक तत्त्वों में शामिल किया था। इस देश के प्रत्येक नागरिक को, चाहे वह हिंदू, सिख, मुस्लिम, ईसाई या पारसी हो, एक समान कानून के तहत जीवन जीने का अधिकार मिलना चाहिए। धर्म के आधार पर कानून नहीं बनाए जाने चाहिए, लेकिन राहुल जी, आपकी पार्टी इसका खुलकर विरोध करती है। आज मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि आने वाले दिनों में जहां-जहां भाजपा की सरकारें होंगी, वहां समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। शाह ने संविधान को राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार बताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App