सडक़ों से सरकारी भवनों तक अधूरे पड़े काम

By: Nov 20th, 2026 12:55 am

इंदौरा में अधर में लटके विकास कार्यों पर उठे सवाल, सूरजपुर खड्ड का तटीकरण अधूरा, विश्राम गृह निर्माण में भी देरी

निजी संवाददाता-इंदौरा
इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों से विभिन्न विकास कार्यों के अधर में लटके होने का मामला सामने आया है। विकास कार्यों में देरी के चलते स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई योजनाओं के पूरा न होने से क्षेत्र के आधारभूत ढांचे के विकास पर भी असर पडऩे की बात कही जा रही है। स्थानीय स्तर पर कुछ लोग इन कार्यों में देरी को राजनीतिक भेदभाव से जोडक़र देख रहे हैं। ऐसा ही एक मामला इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के सूरजपुर का है। उल्लेखनीय है कि सूरजपुर गांव से इंदौरा की पूर्व भाजपा विधायक रीता धीमान संबंध रखती हैं। स्थानीय जानकारी के अनुसार करीब साढ़े चार वर्ष पहले गांव की खड्ड के तटीकरण के लिए जल शक्ति विभाग की ओर से लगभग छह करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। हालांकि, इस कार्य के लिए विभाग की ओर से करीब चार बार टेंडर प्रक्रिया अपनाए जाने के बावजूद कार्य शुरू नहीं हो पाया।

स्थानीय लोग इस देरी पर सवाल उठा रहे हैं और इसे राजनीतिक बदले की भावना से जोडक़र देख रहे हैं। इसी गांव में जल शक्ति विभाग का एक विश्राम गृह भी पिछले करीब चार वर्षों से निर्माणाधीन है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसके निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी है और अभी तक इसे पूरा नहीं किया जा सका है। लोगों ने संबंधित विभाग और सरकार से इन दोनों कार्यों को जल्द पूरा करवाने की मांग उठाई है। इसके अलावा इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में कई अन्य विकास परियोजनाओं के भी अधर में लटके होने का मुद्दा उठाया जा रहा है। इनमें मिलवा-बरोटा सडक़, काठगढ़-इंदौरा सडक़, मौकी-मल्हाड़ी-गदराना सडक़, इंदपुर-टप्पा सडक़, चंगराड़ा-मदोली सडक़ और गंगथ-घेटा सडक़ शामिल हैं। वहीं, मिनी सचिवालय इंदौरा और सिविल अस्पताल इंदौरा के भवनों का निर्माण कार्य भी पूरा नहीं होने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
सभी क्षेत्रों का समान विकास सुनिश्चित करना जरूरी
इस मामले को लेकर इंदौरा की पूर्व भाजपा विधायक रीता धीमान ने कहा कि जिस भावना से क्षेत्र में काम किया जा रहा है, ऐसी भावना किसी भी जनप्रतिनिधि में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति विधायक बनता है तो उसका दायित्व पूरे विधानसभा क्षेत्र की जनता को साथ लेकर चलना और सभी क्षेत्रों का समान विकास सुनिश्चित करना होता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App