Weather Update: पंजाब में 9 नवंबर तक बारिश के आसार नहीं, दिवाली पर साफ रहेगा मौसम

By: Nov 4th, 2026 5:51 pm

चंडीगढ़। मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि नौ नवंबर तक पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिवाली पर भी मौसम साफ रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। फरीदकोट 32.8 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। दिन में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी बनी हुई है जबकि सुबह और रात के समय ठंड का अहसास होने लगा है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री, मोहाली में 16.8, अमृतसर में 14.9, लुधियाना में 15, पटियाला में 15.4 और फरीदकोट में 13 डिग्री दर्ज किया गया। फिलहाल कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार नहीं हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ी क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। वहीं, दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 10 नवंबर के आसपास सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से पंजाब समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। हालांकि, पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश की स्थिति आने वाले दिनों के पूर्वानुमान से स्पष्ट होगी। अगले दो से चार दिनों तक पहाड़ों की ओर से ठंडी हवाएं चलेंगी। दिवाली तक इनका प्रभाव बने रहने का अनुमान है। इसके बाद हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। इससे प्रदूषण के कण वातावरण में जमा होने और वायु गुणवत्ता बिगड़ने का खतरा है।

इस बीच पंजाब के कई शहरों में सुबह के समय वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, खन्ना में सबसे अधिक 262 एक्यूआई दर्ज किया गया जो खराब श्रेणी में है। पटियाला में भी एक्यूआई 208 रहा। अमृतसर में 117, जालंधर में 172, लुधियाना में 141 और मंडी गोबिंदगढ़ में 151 एक्यूआई दर्ज किया गया। इन शहरों में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। वहीं, चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में एक्यूआई 63 और सेक्टर-25 में 78 दर्ज किया गया। यहां हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में बनी हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App