परिसीमन को लेकर क्या है मोदी-शाह का फॉर्मूला? कांग्रेस ने पर्दे के पीछे चल रहे खेल पर उठाए सवाल

By: Nov 23rd, 2026 1:12 pm

नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी का जो खेल संसद और परिसीमन को लेकर पर्दे के पीछे चल रहा है, देश की जनता उसे जानना चाहती है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि अब तक देश को पता चल जाना चाहिए था कि यदि संसद का शीतकालीन सत्र होना है तो देश उसके बारे में जानना चाहता है।

उन्होंने कहा कि मानसून सत्र, जिसका अभी तक सत्रावसान नहीं हुआ है, उसे कब फिर से बुलाया जाएगा, यह भी अब तक स्पष्ट हो जाना चाहिए था। इसके साथ ही लोकसभा में दो- तिहाई बहुमत जुटाने के लिए श्री मोदी और श्री शाह की जोड़ी के हताश प्रयासों को देखने के बाद देश यह जानने का हकदार है कि परिसीमन को लेकर यदि वे किसी फार्मूले पर काम कर रहे हैं ताे उनका क्या फार्मूला है।

जयराम रमेश ने यह भी कहा कि लगातार बना हुआ रहस्य दो बातों की ओर संकेत करता है। या तो प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी भ्रमित है और अपने ही दावों में फंस गई है या फिर कोई बेहद खतरनाक योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा, “मोदी और शाह दोनों ‘जीटीए’ (ज्ञानेश थेफ्ट अरेंजर्स) मामले में पूरी तरह बेनकाब हो चुके हैं। दुर्भाग्य से, पहले ही बुरी तरह चोटिल संसदीय संस्था को इस जोड़ी के कदमों से और कमजोर किया जा रहा है।”


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App