ज्ञानेश के बिना न मोदी प्रधानमंत्री बनते, न शाह गृह मंत्री, रैली में गरजे राहुल गांधी, बोले… पढ़ें पूरी खबर

By: Nov 2nd, 2026 12:01 am

रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की रैली में गरजे राहुल गांधी, वोट चोरों को सजा दिलाकर रहेंगे

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी के जरिए लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वोट चोरी करने वाले बच नहीं सकते और उनके खिलाफ कार्रवाई होगी और उनके किए की उन्हें ज़रूर सजा मिलेगी। श्री गांधी ने विपक्षी इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ‘ रैली को यहां रविवार को रामलीला मैदान में संबोधित करते हुए कहा कि श्री कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाना विपक्ष का पहला लक्ष्य है और वह पद से हटेंगे तथा जेल जाएंगे। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद करीब साढ़े तीन करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। करीब 60 मतदाताओं में से एक मतदाता का नाम सूची से हटा और इस तरह करीब 15 प्रतिशत वोटरों को सूची से हटाया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्ष के बीच मतों का अंतर केवल तीन प्रतिशत था।

मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया ने चुनाव परिणामों को प्रभावित किया और यह देश के नागरिकों की आवाज छीनने जैसा है। श्री गांधी ने कहा कि यह सामान्य चोरी नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक की आवाज और अभिव्यक्ति के अधिकार की भी चोरी है। मुख्य चुनाव आयुक्त यदि वोटों की हेरा फेरी नहीं करते, वोट चोरी नहीं करते, तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री और अमित शाह गृह मंत्री नहीं बन सकते थे। श्री गांधी ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के लोग किसी से नफरत नहीं करते हैं और न ही किसी को अपना दुश्मन मानते हैं। विपक्ष के लोग नफरत नहीं मोहब्बत की दुकान चलाने वाले लोग हैं, ङ्क्षहसा के बजाय अङ्क्षहसा में विश्वास करने वाले लोग हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी, श्री शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने देश में नफरत फैलाई है, जिससे देश को नुकसान हो रहा है। रैली में कांग्रेस अध्यक्ष तथा राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि मोदी सरकार की विदाई के दिन नजदीक हैं और देश में वोट चोरी की साजिश में भूमिका निभाने वाले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा तथा उनके खिलाफ जांच भी होगी। उन्होंने कहा कि यह आजादी की दूसरी लड़ाई है और विपक्ष इसे जीतकर रहेगा। रैली में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, फारूख अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और सुप्रिया सुले समेत इंडिया ब्लॉक की 19 पार्टियों के कई नेता मौजूद रहे। आठ नेताओं ने स्पीच दी। एसआईआर और ज्ञानेश कुमार के विरोध में पिछले 25 दिनों में विपक्ष सातवीं बार एकजुट हुआ। इससे पहले छह से 13 अक्तूबर के बीच छह बार प्रदर्शन हुए थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App