पंडोह डैम से छलांग लगाने पहुंचा युवक, मां की सूझबूझ और पुलिस की मुस्तैदी से बची जान
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
प्रदेश के मंडी जिले के पंडोह डैम के पास एक युवक को समय रहते पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया। युवक ने अपनी मां को वीडियो कॉल कर पंडोह डैम से छलांग लगाने की बात कही थी। मां की ओर से तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना देने के बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस के ईआरएसएस-112 ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संभावित आत्महत्या की घटना को टाल दिया।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 17 नवंबर को ईआरएसएस-112 को वंदना नाम की महिला का आपातकालीन कॉल प्राप्त हुआ। महिला ने कॉल टेकर को बताया कि उसके बेटे ने उसे वीडियो कॉल किया है और पंडोह डैम से छलांग लगाने की बात कही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉल टेकर ने तुरंत इसे ‘अटेम्पट टू सुसाइड – इमरजेंसी’ के रूप में दर्ज किया। इस घटना का आईडी नंबर 738686 दर्ज किया गया और बिना देरी किए सूचना पुलिस चौकी पंडोह को भेजी गई।
सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी की टीम मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस जवानों ने पंडोह डैम और उसके आसपास के क्षेत्र में गहन तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद पुलिस टीम ने युवक को ढूंढ निकाला। युवक की पहचान आशीष के रूप में हुई। पुलिस टीम ने आशीष को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पंडोह पहुंचाया, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण करवाया गया और उसकी स्थिति सुनिश्चित की गई। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना देकर पुलिस चौकी पंडोह बुलाया। आवश्यक कार्रवाई और चिकित्सा जांच के बाद युवक को सुरक्षित उसके परिवार के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने कहा कि परिवार की ओर से समय रहते 112 पर दी गई सूचना, ईआरएसएस-112 के कॉल टेकर की त्वरित कार्रवाई और पंडोह पुलिस टीम के तत्काल मौके पर पहुंचने से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। इस घटना ने एक बार फिर आपातकालीन सेवा ईआरएसएस-112 की उपयोगिता को सामने रखा है। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन या जान को खतरा होने वाली स्थिति में तुरंत 112 नंबर पर कॉल करें। पुलिस ने कहा कि समय पर की गई एक फोन कॉल किसी की कीमती जान बचा सकती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
