युवा शटलर युवराज मेहरा का नेशनल के लिए चयन
बेंगलुरु में 30 नवंबर से होगी अंडर-15 राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा
स्टाफ रिपोर्टर – अंब
नैहरिया गांव के उभरते हुए युवा बैडमिंटन खिलाड़ी युवराज मेहरा ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और लगन के दम पर खेल जगत में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। युवराज मेहरा का चयन अंडर-15 राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 30 नवंबर से 5 दिसंबर तक बेंगलुरु में आयोजित की जाएगी। युवराज के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने से उनके परिवार, गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर है। युवराज मेहरा ने इस वर्ष बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने ऊना में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-15 डबल एवं मिक्स्ड डबल बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इसके बाद जिला ऊना में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-15 मिक्स्ड डबल बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी युवराज ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ।
राव बैडमिंटन अकादमी में ले रहे प्रशिक्षण
युवराज मेहरा वर्तमान में राव बैडमिंटन अकादमी, ऊना में बैडमिंटन का नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए वह कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उनके प्रशिक्षकों द्वारा भी उन्हें लगातार तकनीकी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जा रहा है। युवराज मेहरा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोच रजत कंग, सुनील राव, आशुतोष शर्मा और राकेश ठाकुर के मार्गदर्शन के साथ-साथ अपने माता-पिता को दिया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
