लघट में मनाई इंदिरा गांधी की जयंती
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता के लिए योगदान को किया याद
निजी संवाददाता-बरमाणा
जिला बिलासपुर के बरमाणा क्षेत्र के लघट स्थित कांग्रेस के स्थानीय कार्यालय में बुधवार को देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए राष्ट्र के प्रति उनके त्याग, बलिदान और योगदान को याद किया। दकार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने के लिए साहसिक निर्णय लिए। उनकी निडर नेतृत्व क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण ही उन्हें एक सशक्त प्रधानमंत्री के रूप में याद किया जाता है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी उनके साहस और नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें दुर्गा का स्वरूप बताया था। वक्ताओं ने कहा कि पाकिस्तान के दो टुकड़े कर बांग्लादेश का निर्माण करवाना और बैंकों का राष्ट्रीयकरण करना इंदिरा गांधी के ऐतिहासिक एवं साहसिक फैसलों में शामिल हैं। इस दौरान वक्ताओं ने वर्तमान केंद्र सरकार की नीतियों पर भी निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि विदेश नीति और आर्थिक नीति सहित विभिन्न मोर्चों पर केंद्र सरकार अपेक्षित मजबूती नहीं दिखा पाई है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का राष्ट्र के प्रति समर्पण और कठिन परिस्थितियों में दृढ़ निर्णय लेने की क्षमता आज भी देश के नेतृत्व के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर कांग्रेस नेता ठाकुर हीरापाल सिंह, पूर्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण चंदेल, बिलासपुर सदर के अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष सुंदर सिंह, तीन पंचायतों के प्रभारी नंदलाल वर्मा, सेवानिवृत्त ड्राइंग मास्टर चौहान सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने इंदिरा गांधी के बताए मार्ग पर चलने और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। वहीं स्वर्गीय इंदिरा गांधी को जयंती पर श्रद्धांजलि दी गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
