शिलाई गोलीकांड…कार्रवाई को एसपी से मिले ग्रामीण
कोटी उतरोऊ में बाइक सवार पर चली थी गोली; पीछे बैठे 55 वर्षीय व्यक्ति की हुई थी मौत
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
शिलाई के कोटी उतरोऊ क्षेत्र में गत नौ नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीडि़त परिवार और जामूकोटी पंचायत के ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी से मुलाकात की। ग्रामीणों ने एसपी से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई। गौर हो कि नौ नवंबर को कोटी उतरोऊ के समीप चलती बाइक पर गोली चलने की घटना सामने आई थी।
बाइक पर पीछे बैठे जामूकोटी निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि बाइक चला रहा उसका भाई रविंद्र सिंह भी घायल हुआ था। वहीं, जामूकोटी पंचायत के प्रधान अशोक ठाकुर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने मामले में जल्द उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। ग्रामीणों की मांग है कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उधर, एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस जल्द आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
