मकान पर गिरा दरख्त, बाल-बाल बचा परिवार

By: Jun 12th, 2021 12:21 am

डाहर गांव में मौसम का कहर; मकान को पहुंचा नुकसान, सरकार से लगाई मदद की गुहार

संजीव ठाकुर-नौहराधार
डाहर गांव के एक गरीब व्यक्ति दौलत राम का पूरा परिवार गुरुवार शाम को बाल-बाल बच गया। उनके घर की छत पर अचानक बान का एक दरख्त गिर गया। पेड़ गिरने से मकान की छत टूट गई है। छत से पत्थर व मलबा कमरे में घुस गए। गनीमत यह रही कि परिवार बाल-बाल बच गया। जिस समय छत पर पेड़ गिरा भाग्यवश पूरा परिवार उस समय घर के बाहर आंगन में बैठा हुआ था। दौलत राम की एक दिव्यांग बेटी है जो हमेशा घर में ही रहती है, मगर सौभाग्य से वह भी उस समय घर के आंगन में ही थी। दौलत राम का परिवार बीपीएल की सूची में शामिल है। इनके पास एक ही मकान है।

दौलत राम का पांच सदस्यीय परिवार अब इसी टूटे हुए मकान में खौफ के साए में रहने के लिए विवश है। पीडि़त दौलत राम ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि उनके पास क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत के लिए भी पैसे नहीं हैं। रात को पूरा परिवार उस टूटी हुई छत वाले मकान में खौफ के साए में रहता है। रात को छत में मलबा गिरता रहता है जिसके कारण पूरा परिवार डरे सहमे हुए पूरी रात गुजारने के लिए विवश है। ज्यादा चिंता उन्हें अपनी दिव्यांग बेटी की रहती है जो आपात स्थिति में बाहर भी नहीं भाग सकती है। दौलत राम ने सरकार व प्रशासन से गुहार करते हुए मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द उनकी आर्थिक मदद करें, ताकि जल्द ही वह मकान की मरम्मत करके चैन से अपने परिवार के साथ अपने मकान में रहे सकें। पंचायत प्रधान राधा ठाकुर ने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि इस गरीब परिवार को जल्द ही आर्थिक मदद प्रदान की जाए। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App