पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व मंत्री मनसा राम

By: Jan 16th, 2023 12:20 am

इमला-विमला मोक्ष धाम पर राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, पांच बार के विधायक और पूर्व मंत्री को करसोगवासियों ने दी नम आंखों से विदाई

नेरंद्र शर्मा — करसोग
प्रदेश की राजनीति में दिग्गज नेता रहे करसोग विधानसभा के पूर्व विधायक तथा पूर्व मंत्री मंसाराम का अन्तिम संस्कार रविवार को ईमला विमला मोक्ष धाम पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस मौके पर प्रशासन तथा सरकार की ओर से उपमंडल अधिकारी नागरिक सुरेंद्र ठाकुर डीएसपी करसोग गीतांजलि ठाकुर तहसीलदार करसोग धर्मपाल नेगी तथा खंड कांग्रेस अध्यक्ष पृथ्वी सिंह नेगी साहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं बा पदाधिकारियों ने पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें अंतिम विदाई श्रद्धांजलि के रूप में दी। पुलिस टुकड़ी द्वारा उन्हें सलामी भी दी गई। मोक्षधाम पर पंचतत्व में विलीन करते हुए करसोग विधानसभा के पांच बार विधायक रहे मनसा राम को लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी तथा मोक्षधाम पर मंसाराम अमर रहे के नारे भी गूंजते हुए उन्हें याद किया गया।

ज्ञात रहे कि पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री मंसाराम का निधन शनिवार सांय शिमला स्थित आईजीएमसी में हुया था इसके बाद रात्रि लगभग 11 बजे उनका पार्थिव शरीर करसोग स्थित उनके निवास स्थान पर पहुंचाया गया जहां पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अपने दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेसी नेता द्वारा किए गए विकास कार्यों को याद किया। गौरतलब है कि करसोग विधानसभा से पांच दफा विधायक चुने गए पूर्व मंत्री मंसाराम द्वारा 1967 में पहला चुनाव लड़ा और जीते उसके बाद 1972 में फिर से चुनाव जीते और डा. यशवंत सिंह परमार की सरकार में सबसे कम उम्र के युवा मंत्री बन कर रिकॉर्ड बनाया। पूर्व मंत्री मनसा राम का जन्म 30 मई 1942 को हुआ बताया गया है तथा उन्होंने अपने क्षेत्र में उच्च शिक्षित होते हुए शिक्षक के पद पर अपने नौकरी प्राप्त की और राजनीति में कदम बढ़ाते हुए सरकारी नौकरी भी उन्होंने त्याग दी और जनता के आग्रह पर राजनीति में भाग्य आजमाया और विजय प्राप्त करते हुए निरंतर आगे बढ़ते रहें।

मनसाराम करसोग विधानसभा से पांच बार जहां विधायक चुने गए वहीं प्रदेश की विभिन्न सरकारों में चार अलग-अलग मुख्यमंत्रियों के साथ काम करने का मौका और मंत्री भी उन्हें मिला, बिल्कुल पूरी तरह स्पष्ट बोलने वाले पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री मनसाराम के माध्यम से करसोग विधानसभा में बेशुमार विकास कार्य करवाए गए उनके पास कैबिनेट मंत्री रहते हुए बेहद महत्वपूर्ण विभागों का कार्यभार रहा और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करसोग विधानसभा का विकास करते हुए उन्होंने प्रदेश के अन्य विधानसभाओं के लिए भी विकास की गति को तेजी से आगे बढ़ाया। पूर्व मंत्री मनसाराम के स्वभाव में यह विशेषता थी कि वे अधिकारियों से काम करवाने का कुशल अनुभव रखते थे और हमेशा अधिकारियों को साथ लेकर चलते हुए विकास किस तरह हो सकता है उसे सफलतापूर्वक मंजिल तक भी पहुंचाते थे। (एचडीएम)

सरल स्वभाव के थे पूर्व विधायक मनसाराम
पूर्व मंत्री तथा पूर्व विधायक मनसाराम के निधन होने पर कांग्रेस संगठन द्वारा कभी भी पूरी नहीं होने वाली क्षति बताया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री मनसाराम इस कदर सरल स्वभाव वाले व्यक्ति थे कि कैबिनेट मंत्री होने के बावजूद विभिन्न महत्वपूर्ण विभाग का कार्यभार मिला होने की स्थिति में भी वह करसोग क्षेत्र में अपने लोगों के साथ पैदल ही कभी बाजार में और कभी बस अड्डा में घूमते हुए प्रात: के समय मिलते थे और कहीं भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर विकास की चर्चा करना उनके लिए सामान्य कार्य में शुमार था। वह हमेशा जनता के कार्यों को समर्पित रहे शायद उसी बात का नतीजा है कि रविवार को उनकी अंत्येष्टि में हजारों लोग नम आंखों से शामिल हुए और मंसाराम अमर रहे के नारे गूंजते रहे।
हार के बाद भी नहीं किया कभी गिला-शिकवा
पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री मनसाराम भले ही पांच बार विधायक चुने गए परंतु जब भी हारे तो उन्होंने एक शब्द का गिला भी अपने मतदाताओं से कभी न किया और हमेशा सार्वजनिक तौर पर मंच से कहते थे कि जब जनता प्यार करती है तो मंत्री बनाती है जब थोड़ा नाराज होती है तो संत्री बनाती है जनता जिस हाल में रखना चाहती है वह आम लोगों के कार्य हमेशा करते रहेंगे और शायद उसी तर्ज पर सत्ता में होते हुए और विधायक नहीं होते हुए भी सरकार के माध्यम से या विपक्ष में रहते हुए जो भी उनसे संभव हो सका वह जनता का कार्य उन्होंने ने किए।
सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन ने जताया शोक
करसोग। जिला मंडी की दूरदराज विधानसभा करसोग क्षेत्र राजनीति क्षेत्र के लिए शान कहे जाने वाले पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री स्वर्गीय मनसाराम के निधन पर सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन द्वारा भी गहरा शोक प्रकट किया गया है। इस बारे सेवानिवृत्त कर्मचारी गुणानंद शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा करसोग के पूर्व विधायक मनसाराम ने करसोग क्षेत्र की प्रगति के लिए अनेकों काम किए हैं। करसोग क्षेत्र के लोग हमेशा स्वर्गीय मनसाराम याद रखेंगे उन्होंने करसोग में नए विकास की जो गाथा लिखी है उसी के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में अन्य कार्य तेज गति से आगे बढ़े हैं उनके निधन से जहां एक ओर करसोग क्षेत्र की जनता को भारी क्षति हुई है। वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायत शोरशन प्रधान स्तुति शर्मा, जगदीश शर्मा (विक्की), पूर्व उप प्रधान कृष्ण दत्त ने भारी दुख प्रकट किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App