एचआरटीसी बसों से अब पहुंचेंगे पार्सल, डीटीडीसी के साथ करार, दूरदराज क्षेत्रों में समयबद्ध, सुरक्षित और कुशल डिलीवरी

By: Feb 27th, 2026 12:07 am

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों के जरिए कूरियर पार्सल सेवा प्रदान करेगी। इसके लिए एचआरटीसी प्रबंधन ने गत 24 फरवरी को डीटीडीसी एक्सप्रेस लिमिटेड के साथ एक समझौता किया गया है। इसके तहत निगम अपनी बसों के माध्यम से कूरियर पार्सलों के एंड-टू-एंड परिवहन की व्यवस्था शुरू करेगा। इस नई व्यवस्था के तहत डीटीडीसी के कंसाइनमेंट्स को एचआरटीसी के विस्तृत रूट नेटवर्क के जरिए प्रदेश के विभिन्न जिलों, कस्बों और दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा। इससे पार्सलों की समयबद्ध, सुरक्षित और कुशल डिलीवरी सुनिश्चित की जा सकेगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक डा. निपुण जिंदल ने बताया कि इस प्रस्ताव को निदेशक मंडल की पिछली बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई थी। मंजूरी मिलने के बाद समझौते की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लिए लाभकारी साबित होगीए जहां निजी कूरियर सेवाओं की पहुंच सीमित है।

एचआरटीसी की बसें प्रदेश के लगभग हर हिस्से तक नियमित रूप से जाती हैं, जिससे कूरियर सेवाओं का दायरा भी स्वत बढ़ जाएगा। प्रबंध निदेशक ने बताया कि एचआरटीसी अन्य निजी कूरियर सेवा प्रदाताओं के साथ भी बातचीत की प्रक्रिया में है। भविष्य में ऐसे और समझौते किए जा सकते हैं, जिससे निगम के गैर.परिचालन राजस्व में और वृद्धि हो सके। इससे जहां एक ओर निजी कंपनियों को प्रदेश के सुदूर क्षेत्रों तक पहुंच का लाभ मिलेगा, वहीं एचआरटीसी को अतिरिक्त आय का स्रोत भी प्राप्त होगा। कुल मिलाकर यह समझौता प्रदेश में परिवहन और लॉजिस्टिक्स सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक सकारात्मक और दूरगामी पहल के रूप में देखा जा रहा है।

ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ेगी कनेक्टिविटी

इस समझौते से पहाड़ी और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब उन्हें छोटे-छोटे पार्सलों के लिए शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। एचआरटीसी के नेटवर्क के माध्यम से समय पर पार्सल पहुंचाना संभव हो सकेगा। यह कदम प्रदेश में लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ई-कॉमर्स गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App