पारा गिरा, संदूक से बाहर निकला स्वेटर
दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू, धुंध के आगोश में शहर, किसानों ने ली राहत की सांस
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
पिछले कई दिनों से बढ़ रही गर्मी के बीच रविवार का दिन लोगों के लिए राहत लेकर आया। रविवार सुबह से आसमान में बादलों के छाने से जहां एक बार फिर लोगों को ठंड अहसास हुआ और उन्हें गर्म कपड़े पहनने के लिए विवश होना पड़ा। वहीं, दोपहर बाद शुरू हुई हल्की बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इस हल्की बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं।
वहीं, रविवार अल सुबह अचानक ही मौसम में बदलाव आया और हवाओं के साथ आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया। बादलों व ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को मजबूरन एक बार फिर गर्म कपड़े पहनने के लिए विवश होना पड़ा। सोलन शहर में भी रविवार को छुट्टी का दिन होने के चलते बाजारों में कम रौनक देखने को मिली, लेकिन घरों से निकले लोग गर्म कपड़े पहने हुए बाजार में देखे गए। दोपहर करीब 1 बजे अचानक ही आसमान से हल्की बूंदा-बांदी शुरू हो गई। इसके बाद पारा भी गिर गया और शाम को एक बार फिर हल्की बारिश होने लगी और शहर को धुंध ने अपने आगोश में ले लिया। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले दिनों में मौसम परिवर्तनशील रहेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
