विधायक नीरज नैयर बोले, नगर परिषद में हर मोर्चे पर भाजपा पूरी तरह फेल

By: May 16th, 2026 12:02 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
सदर विधायक नीरज नैय्यर ने नगर परिषद चंबा के आगामी चुनावों को लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधते हुए लोगों से शहर के विकास के लिए बदलाव का आहवान किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों से नगर परिषद पर भाजपा का कब्जा है, लेकिन इस लंबे कार्यकाल में भाजपा राज वाली नगर परिषद हर मोर्चे पर पूरी तरह फेल साबित हुई है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अब इस दस वर्षों से चली आ रही निष्क्रिय नगर परिषद को बदलने का सही समय आ गया है। इसलिए लोग इस बार बदलाव के लिए कांग्रेस को मौका दें।

नीरज नैय्यर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और यदि नगर परिषद भी कांग्रेस समर्थित बनती है तो चंबा शहर में रिकार्ड तोड विकास कार्य करवाए जाएंगे तथा नगर परिषद के गठन के साथ ही धरातल पर बडा बदलाव नजर आने लगेगा। उन्होंने भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अपनी विफलता को देखते हुए अब भाजपाई बौखलाहट में लोगों को डरा- धमकाकर वोट हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। सदर विधायक ने कहा कि शहर में पार्किंग का काम शुरू हो चुका है, जबकि मिनी सचिवालय का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होने वाला है। इसके साथ ही इंडोर स्टेडियम, पिच और हेलीपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर भी तेजी से काम आगे बढ रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App