जिला भर में चुनावी शोर, पांगी में पहली रिहर्सल
26 और 28 को होने वाले चुनावों को लेकर आवासीय आयुक्त ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए निर्देश
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
जनजातीय क्षेत्र पांगी के अंतर्गत 26 एवं 28 मई को होने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर मतदान कर्मियों की पहली चुनावी रिहर्सल किलाड़ स्थित जिम्नेजियम हाल में संपन्न हुई। इसमें पांगी उपमंडल के पंचायती राज सामान्य निर्वाचन-2026 से जुडे 196 मतदान कर्मियों, 7 सेक्टर अधिकारियों, 25 सहायक निर्वाचन अधिकारियों तथा 67 पीठासीन अधिकारियों ने भाग लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ‘पंचायत’ एवं आवासीय आयुक्त पांगी अमनदीप सिंह ने मतदान कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि बैलेट पेपर एवं चुनाव सामग्री के परिवहन के लिए केवल सरकारी वाहनों का ही उपयोग किया जाएगा तथा इसके साथ पुलिस सुरक्षा अनिवार्य रहेगी। निजी वाहनों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी तथा केंद्र के सौ मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने चुनाव डयूटी में तैनात सभी कर्मचारियों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। रिहर्सल के दौरान मास्टर ट्रेनर केदार नाथ शर्मा ने पावर प्वाईंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से माक पोल, बैलेट पेपर संचालन, पोलिंग बूथ की स्थापना, चुनाव सामग्री, विभिन्न प्रपत्रों, सुरक्षा व्यवस्था तथा बैलेट पेपर के सुरक्षित परिवहन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। इसके साथ ही मतदान कर्मियों को चुनाव आयोग द्वारा जारी निर्देशों से संबंधित हैंडबुक भी वितरित की गई। विकास खंड पांगी में मतदान डयूटी पर नियुक्त कर्मचारी, जोक स्वयं मतदाता भी हैं, उन्हें पोल डयूटी मतपत्र मतदान हेतु उपलब्ध करवाए गए। दूसरी चुनावी रिहर्सल 22 मई 2026 के दौरान संबंधित कर्मचारियों का मतदान भी करवाया जाएगा।
निर्देशों का कड़ाई से पालन करें अधिकारी और कर्मी
इस अवसर पर निर्वाचन अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी योगेश कुमार ने सभी कर्मियों से आहवान किया कि वे चुनाव आयोग की हैंडबुक में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करें तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ सुनिश्चित करें ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
