डलहौजी के सुहावने मौसम का पर्यटक उठा रहे लुत्फ

By: May 17th, 2026 12:02 am

पर्यटकों की आवाजाही बढऩे से होटल कारोबारी खुश, ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से मिली राहत

स्टाफ रिपोर्टर-डलहौजी
पर्यटन नगरी डलहौजी में शनिवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला नजर आया। दिन भर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, जबकि कुछ देर हुई हल्की बूंदाबांदी के चलते मौसम बेहद सुहावना और कूल हो गया। ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली और शहर की वादियां धुंध की हल्की चादर में लिपटी नजर आईं। मौसम में आए बदलाव के बाद डलहौजी का प्राकृतिक सौंदर्य और अधिक निखर उठा। गांधी चौक, सुभाष चौक सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों पर पर्यटक सुहावने मौसम का भरपूर आनंद लेते दिखाई दिए। कई पर्यटक परिवार सहित शहर की सडकों और वाकिंग पाथ पर घूमते नजर आए तथा पहाडों के सुंदर नजारों को अपने कैमरों में कैद करते रहे।

इन दिनों मैदानी इलाकों में पड रही गर्मी से राहत पाने के लिए पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से पर्यटक डलहौजी पहुंच रहे हैं। पर्यटकों का कहना है कि यहां का ठंडा मौसम और शांत वातावरण उन्हें काफी सुकून दे रहा है। पर्यटकों की बढती आवाजाही को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था भी चाक-चौबंद रखी गई है। मुख्य चौकों और बाजारों में यातायात पुलिस कर्मचारी मुस्तैदी के साथ डयूटी निभाते नजर आए ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। स्थानीय होटल कारोबारियों और व्यापारियों के अनुसार मौसम सुहावना होने के चलते सप्ताहांत के दौरान पर्यटकों की संख्या में और बढौतरी की उम्मीद है, जिससे पर्यटन कारोबार को भी रफ्तार मिल रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App