घर के आस-पास जमा ने होने दें पानी
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम में लोगों को किया प्रेरित
नगर संवाददाता-चंबा
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा की ओर से नर्सिंग स्कूल पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कालेज के सभागार में राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. कविता महाजन ने की। कार्यक्रम का उददेश्य डेंगू रोग के प्रति जागरूकता तथा इसके बचाव एवं रोकथाम संबंधी जानकारी प्रदान करना रहा।
डा. कविता महाजन ने उपस्थित छात्रों को डेंगू के लक्ष्ण, फैलाव तथा बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डेंगू एक मच्छर जनित बीमारी है, जोकि एडीज मच्छर के काटने से फैलती है। यह मच्छर पानी में पनपता है, इसलिए घरों और आसपास पानी एकत्र नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए लोगों को पूरी बाजू के कपडे पहनने, मच्छरदानी एवं मच्छर रोधी दवाइयों का प्रयोग करने तथा कूलर, गमलों, टायरों एवं पानी के अन्य पात्रों को नियमित रूप से साफ रखने की आवश्यकता है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और समाज में भी डेंगू से बचाव का संदेश फैलाएं। जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. हरित पुरी ने इस वर्ष कि थीम पर चर्चा करते हुए बताया कि कम्युनिटी पार्टिसिपेशन डेंगू नियंत्रण की सबसे महत्वपूर्ण कडी है।
स्वयं जागरूक बनें और समाज को भी दें संदेश
चेक, क्लीन एंड कवर अभियान के तहत लोगों को अपने घरों व आसपास पानी जमा होने वाले स्थानों की नियमित जांच, सफाई तथा पानी के बर्तनों को ढककर रखने के लिए जागरूक किया जाता है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और समाज में भी डेंगू से बचाव का संदेश फैलाएं। इस अवसर परशकुंतला मेमोरियल नर्सिंग कालेज सरोल चंबा की प्रशिक्षुओं ओर आशा कार्यकर्ताओं के अलावा नर्सिंग कालेज से कोमल वर्मा और स्वास्थ्य विभाग से नितेश ओर दीपक जोशी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
