मिड-डे मील वर्कर 22 जून की प्रदेशव्यापी हडताल में होंगे शामिल

By: May 18th, 2026 12:02 am

नगर संवाददाता-चंबा
मिड-डे मील वर्करज यूनियन ब्लाक गरोला (संबंधित सीटू) की बैठक गरोला में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्लाक अध्यक्षा आशा देवी ने की। बैठक में सीटू जिला महासचिव सुदेश ठाकुर विशेष तौर से मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए सीटू जिला महासचिव सुदेश ठाकुर ने कहा कि मिड-डे मील वर्कर्स को हर महीने वेतन नही मिलता, 3 -4 महीने के बाद ही मिलता है, समय पर कभी भी मानदेय नहीं मिला हैं। इसके चलते राशन की दुकानों में उधारी के सहारे अपना परिवार चला रहे हैं। मिड-डे मील सबसे शोषित कर्मचारी है ना सरकार उसकी सुध ले रही ना ही विभाग स ब्लाक में स्कूलों में मिड-डे मील वर्कर से अतिरिक्त काम करवाया जा रहा है। आज वर्कर गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहें है।

अपने परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो रहा है। मानदेय न मिलने के कारण घर का राशन, बच्चों की फीस, इलाज का खर्चा, समाजिक उतरदायित्व निभाना मुश्किल हो गया है। देश के बच्चों को कुपोषण से बचाते बचाते खुद का परिवार कुपोषित हो रहा है। किसी तरह की कोई छुटटी नहीं है। हाई कोर्ट के 12 माह के निर्णय को लागू नहीं किया जा रहा है। पूरे शिक्षा विभाग में 12 माह का वेतन मिलता है, लेकिन मिड-डे मील वर्कर्स के साथ अन्याय किया जा रहा है। 25 बच्चों की शर्त के चलते वर्कर्स को नौकरी छोडऩी पड़ रही है। उन्हें कोई समाजिक सुरक्षा नहीं है। मिड डे मील वर्कर्स को सेवानिवृति के बाद किसी तरह की आर्थिक सहायता नहीं है ना पेंशन है। इसके खिलाफ 22 जून को होने वाली प्रदेश व्यापी हड़ताल में मिड-डे मील वर्कर शामिल होंगे। मिड डे मील वर्कर यूनियन ब्लाक सचिव रविंद्र ने कहा कि सरकार लगातार मिड डे मील वर्कर की अनदेखी कर रही है। इसलिए मिड-डे मील वर्कर ने संघर्ष का रास्ता चुना है। मिड-डे मील वर्कर अपनी मांगो को लेकर 22 जून को पूरे हिमाचल में हड़ताल करेंगे और शिमला में सचिवालय का घेराव करेंगे। बैठक में कविता, स्वर्णा,बबली, जेदेई, राधा, पुष्पा, सरोज, रेखा, तिमरो, लज्या सुनीता, जिंदो देवी आदि शामिल रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App