चंबा में भाजपा को 11, कांग्रेस को 10 सीटें

By: May 18th, 2026 12:02 am

जिला भर में शहरी निकायों के चुनावों को लेकर खूब रहा शोर, छह सीटें अन्य के खाते में गई

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
जिला चंबा में शहरी निकायों के संपन्न चुनावों में नगर पंचायत चुवाड़ी में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की है। नगर परिषद चंबा में कांग्रेस व भाजपा में मुकाबला बराबरी पर छूटा है। नगर परिषद चंबा के दोनों दलों को अब सत्ता पाने की निगाह हटनाला वार्ड से जीते उम्मीदवार पर रहेगी। डलहौजी में भाजपा सत्ता से बाहर हो गई है। डलहौजी में भाजपा को चार सीटें मिली हैं। नगर परिषद डलहौजी में भाजपा के मनोज चड्ढा खेमे ने पांच सीटें जीती हैं। नगर परिषद डलहौजी में भाजपा ने भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ा है। देर शाम घोषित चुनावी नतीजों में नगर परिषद चंबा, डलहौजी व नगर पंचायत चुवाड़ी की कुल 27 सीटों में कांग्रेस ने दस सीटें जीती है, जबकि भाजपा को ग्यारह सीटों से संतोष करना पड़ा है। छह सीटें अन्य के खाते में गई है। इन चुनावी नतीजों के साथ ही नगर परिषद चंबा व नगर पंचायत चुवाडी की सत्ता पर कांग्रेस ने शानदार वापिसी की है। नगर परिषद डलहौजी की सत्ता भाजपा के मनोज चड्ढा खेमे के हाथ में गई है।

जहां मनोज चड्ढा ने कांग्रेस गठबंधन के साथ चुनाव लड़ा। नगर परिषद चंबा के कुल ग्यारह वार्डो में कांग्रेस व भाजपा ने पांच-पांच सीटें जीती हैं। हटनाला वार्ड के विजेता उम्मीदवार की दलीय स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई हे। नगर परिषद डलहौजी के नौ वार्डो में भाजपा के हिस्से में चार और अन्य को पांच सीटें मिली हैं। नगर पंचायत चुवाडी के सात वार्डो के घोषित नतीजों में कांग्रेस के हिस्से में पांच और भाजपा को दो सीटें मिली हैं। इससे पहले नगर परिषद चंबा व डलहौजी और नगर पंचायत चुवाडी के चुनावों को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नगर परिषद चंबा व डलहौजी और नगर पंचायत चुवाडी में कुल 68.22 फीसदी मतदान रिकार्ड हुआ है। नगर परिषद चंबा में मतदान प्रतिशतता करीब 66.56 फीसदी रही है। चंबा में 9888 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर परिषद डलहौजी में 77.33 फीसदी मतदान हुआ है। डलहौजी में 2436 मतदाताओं ने मत डाले। नगर पंचायत चुवाडी में 66.61 फीसदी मतदान हुआ। नगर पंचायत चुवाडी के छह वार्डो में कुल 1718 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला लिया। रविवार को शहरी निकाय के चुनावों को लेकर काफी चहल पहल देखने को मिली।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App