सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग पर सवालिया निशान, छात्र ने लगाया अपनी उत्तर पुस्तिका बदले जाने का आरोप

By: May 26th, 2026 12:01 am

बोर्ड से मिली फोटोकॉपी हैंडराइटिंग से मैच नहीं

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

जहां एक तरफ केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) को कक्षा 12वीं के परिणाम घोषित होने के बाद पोर्टल क्रैश होने, भुगतान में गड़बड़ी और धुंधली स्कैन की गई प्रतियों को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ एक छात्र ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक नए मामले ने बोर्ड की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली को लेकर चिंताओं को और बढ़ा दिया है। कक्षा बारहवीं के छात्र वेदांत श्रीवास्तव ने आरोप लगाया है कि सीबीएसई द्वारा फोटोकॉपी प्रक्रिया के दौरान उसके रोल नंबर से अपलोड की गई भौतिकी की उत्तर पुस्तिका उसकी है ही नहीं। छात्र ने दावा किया कि अपलोड की गई प्रति में लिखावट, उत्तर और प्रस्तुति उनकी अपनी लिखावट से पूरी तरह भिन्न हैं और उसने यह भी सवाल उठाया कि क्या उसकी वास्तविक उत्तर पुस्तिका का कभी मूल्यांकन किया भी गया था या नहीं। छात्र का दावा है कि अपलोड की गई भौतिकी की कॉपी किसी अन्य उम्मीदवार की है। वेदांत ने कहा कि अपलोड की गई भौतिकी की उत्तर पुस्तिका की तुलना अंग्रेजी और कम्प्यूटर विज्ञान के प्रश्न पत्रों से करने के बाद उनके परिवार और शिक्षकों ने तुरंत विसंगतियों को देखा। सीबीएसई द्वारा भेजी गई भौतिकी की उत्तर पुस्तिका मेरी उत्तर पुस्तिका बिल्कुल नहीं है।

मुझे पता है कि यह मेरी लिखावट नहीं है और इसमें वे प्रश्न नहीं हैं, जिन्हें मैंने हल करने का प्रयास किया था। अंग्रेजी और कम्प्यूटर विज्ञान की उत्तर पुस्तिकाएं स्पष्ट रूप से एक-दूसरे से मेल खाती हैं, जबकि भौतिकी की अंसर शीट पूरी तरह से किसी अन्य छात्र की प्रतीत होती है। वेदांत ने दावा किया कि इस विसंगति से उसके कुल अंकों और पात्रता मानदंडों पर असर पड़ा है। उसे किसी अन्य छात्र द्वारा लिखे गए उत्तरों के लिए 50 फीसदी अंक दिए गए हैं। उसकी असली उत्तर पुस्तिका कहां है? इसी वजह से उसे पीसीएम में कुल 75 फीसदी अंक नहीं मिल रहे हैं। छात्र ने ओएसएम प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठाए छात्र ने इस मुद्दे को कक्षा बारहवीं के छात्रों द्वारा डिजिटल मूल्यांकन प्रक्रिया के संबंध में पहले से ही उठाई जा रही व्यापक चिंताओं से भी जोड़ा। यह आरोप इस महीने की शुरुआत में सीबीएसई कक्षा बारहवीं के परिणाम घोषित होने के बाद पोर्टल की विफलता, स्कैन की गई प्रतियों तक पहुंच में देरी, भुगतान में कटौती और मूल्यांकन संबंधी विसंगतियों को लेकर देशव्यापी शिकायतों के बीच आया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App