RCB vs GT: धर्मशाला को कैसे मिला IPL का सबसे बड़ा मैच, चौंका देंगे यह 3 कारण
डिजिटल डेस्क
RCB vs GT: दुनिया के सबसे खूबसूरत स्टेडियम धर्मशाला में आज आईपीएल का पहला क्वालिफायर मैच खेला जा रहा है। आरसीबी और गुजरात के बीच खेला जाने वाला यह मैच इस सीजन का सबसे बड़ा मैच है, क्योंकि एक तरफ किंग कोहली की टीम है, तो दूसरी तरफ भारत के वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल की टीम खड़ी है। ऐसे में आईपीएल के इस सीजन का यह सबसे बड़ा मैच है, जो कि हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के धर्मशाला स्थित स्टेडियम में शाम सात बजे से खेला जाएगा। यूं कहें कि फाइनल का पहाड़ चढऩे के लिए पहाड़ पर सूरज ढलते ही रोमांचकारी जंग शुरू हो जाएगी। खैर, यह तो मैच की बात है, लेकिन सवाल यह है कि क्रिकेट के इस महाकुंभ का सबसे बड़ा मैच हिमाचल के हिस्से आखिर आया तो कैसे, तो जानते हैं क्या रही है वजह।
कैसे धर्मशाला के हिस्से आया मैच, यह रही वजह
जब आईपीएल मैचों का शेडयूल तय हुआ था, तो उस समय सिर्फ धर्मशाला के हिस्से तीन लगी मैच आए थे। क्वालिफायर मैच का कोई शेड्यूल नहीं था। आईपीएल क्वालीफायर-एक का मुकाबला पहले एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन इसे फिर धर्मशाला शिफ्ट करना पड़ा। इसकी वजह थी फ्री टिकट और मैच पास की, क्योंकि एम. चिन्नास्वामी मैच की टिकटों को लेकर सियासत हावी हो रही थी। वहां का हर विधायक मैच के लिए कम से कम चार-पांच टिकट और पास मांग रहा था, जो कि बीसीसीआई के नियमों के खिलाफ था, क्योंकि इतनी मात्रा में कंप्लीमेंटरी टिकट्स उपलब्ध करवाना मुश्किल था। इन सबसे बचने के लिए मैच को बंगलूर से धर्मशाला शिफ्ट कर दिया गया। इसके अलावा बेंगलुरु स्टेडियम से जुड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक चिंताएं भी रहीं। पिछले साल स्टेडियम स्टाम्पीड के बाद बीसीसीआई बड़े मैच वहां कराने को लेकर सतर्क हो गया था। इसी कारण प्लेऑफ के बड़े मुकाबले धर्मशाला और न्यू चंडीगढ़ शिफ्ट किए गए।
खूबसूरती और लाजवाब मौसम
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम दुनिया के सबसे खूबसूरत मैदानों में शुमार है। यहां देश-विदेश के जितने भी खिलाड़ी पहुंचते हैं, वह धर्मशाला स्टेडियम के फैन हो जाते हैं और अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जरूर इसका जिक्र करते हैं। सुहाना मौसम, चारों तरफ हरियाली, ठंडे पहाड़ और शानदार आउटफील्ड धर्मशाला स्टेडियम का प्लस प्वाइंट है। सुरक्षा के लिहाज से भी यह स्टेडियम सेफ है।
दोनों टीमें 8 बार आमने-सामने
मात्र 22 हजार क्षमता वाले विश्व के सबसे खूबसूरत मैदानों में शुमार धर्मशाला स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा होगा। इसमें शाम के समय धौलाधार की वादियों से ठंडी फिजाओं के बीच क्रिकेट को रोमांच चरम पर होगा। पूर्व चैंपियन आरसीबी के पास पांचवीं बार फाइनल में पहुंचने का मौका रहेगा, वहीं आईपीएल में आरसीबी व जीटी आठ बार आमने-सामने हुई हैं, जिसमें अब तक दोनों टीमों ने चार-चार जीत दर्ज कर कांटे की टक्कर रही।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
