हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी, आज इन आठ जिलों में हीटवेव का अलर्ट, 28 मई से राहत के आसार
कार्यालय संवाददाता — शिमला
हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाके मंगलवार को गर्मी से बेहाल नजर आए। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिला के निचले इलाकों में लोगां को लू का सामना करना पड़ा। प्रदेश का औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। हिल स्टेशन शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा, जबकि मनाली में सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान रिकार्ड किया गया। शिमला में गर्मी से लोग बेहाल नजर आए। रिज पर स्थानीय लोग और टूरिस्ट छाता लेकर व मुंह ढककर चलने को मजबूर हो गए। हीटवेव के बाद राज्य के अधिकांश शहरों के तापमान में दो से तीन डिग्री का उछाल दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, नौतपा के प्रभाव के चलते अगले एक दिन तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। मौसम विभाग ने प्रदेश के बुधवार के लिए आठ जिलों ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन, सिरमौर और चंबा में लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में अगले 24 घंटे तक गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। विभाग के अनुसार 27 मई को प्रदेशभर में मौसम सामान्य और साफ बना रहेगा, लेकिन इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम करवट लेगा। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
शिमला से ज्यादा गर्म रहा मनाली
मंगलवार को पर्यटन नगरी मनाली में तापमान शिमला से भी ज्यादा रहा। मनाली में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शिमला में पारा 27 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि शिमला में सोमवार की तुलना में तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट भी दर्ज की गई।
ऊना में 42.6 डिग्री पर पहुंचा पारा
गर्मी का सबसे ज्यादा असर ऊना में देखने को मिला, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा हमीरपुर जिला के नेरी में 39 डिग्री, सुंदरनगर में 37.9, कांगड़ा में 37.4, मंडी में 37.4, नाहन में 36.7 और बरठीं में तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
28-29 को भारी ओलावृष्टि-तूफान का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने ने 28 और 29 मई को राज्य में भारी ओलावृष्टि, तेज तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसका सबसे ज्यादा प्रभाव शिमला, चंबा, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू जिला में देखने को मिलेगा। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज तूफान चलने का पूर्वानुमान है। इसके बाद 30 मई को सात जिलों शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में खराब मौसम का यलो अलर्ट रहेगा। 31 मई से पूरे प्रदेश में मौसम साफ होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
