ततवानी में फ्लड प्रोटेक्शन पर खर्च होंगे पांच करोड़
विधायक केवल सिंह पठानिया ने सलवाना स्कूल में तीन अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण पर दी जानकारी
नगर संवाददाता-शाहपुर
शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ततवानी क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा एवं संरक्षण कार्यों पर लगभग पांच करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। उन्होंने यह जानकारी वुधवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय सलवाना में 30 लाख रुपए की लागत से निर्मित तीन अतिरिक्त कमरों के लोकार्पण अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए दी। इस अवसर पर कप्तान सिंह गुलेरिया एवं उनकी पत्नी रीना गुलेरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक ने बताया कि लगभग 6 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित की जा रही रैत-कोहला सडक़ का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है तथा शीघ्र ही सडक़ की टायरिंग का कार्य आरंभ किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में शीघ्र ही 2.50 लाख रुपए की लागत से रिटेनिंग वॉल का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त ततवानी के समीप एक इको पार्क विकसित करने की योजना भी प्रस्तावित है। उन्होंने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की मांग पर सलवाना और खबल गांवों में रास्तों के निर्माण का आश्वासन भी दिया। केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ततवानी क्षेत्र में बाढ़ से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर रिटेनिंग वॉल और फ्लड प्रोटेक्शन कार्य करवाए जाएंगे, जिन पर लगभग पांच करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। कार्यक्रम में उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय समयाल ने विद्यालय में अतिरिक्त कमरों के निर्माण, लोकार्पण के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।
ये-ये रहे मौजूद
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, ओएसडी आयुष विभाग डा. सुनीत पठानिया, जीएम इंडस्ट्री ओम राज, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग नीरज जसवाल, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग अमित शर्मा, बीडीओ रैत कमलजीत, प्रधानाचार्य बड़न्ज कुलवीर, दलजीत पठानिया, राकेश कुमार, सुरेश पटाकू, सुरेंद्र ठाकुर आदि मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
