चंगर में नहीं लगने देंगे स्मार्ट मीटर

By: Jun 10th, 2026 12:02 am

बिजली बोर्ड से उपभोक्ता नाराज, कर्मचारियों के न आने पर फूटा गुस्सा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- हमीरपुर
ग्राम पंचायत चंगर के तहत आने वाले चंगर व न्याहलवीं के ग्रामीणों ने मंगलवार को बिजली बोर्ड के अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि जब तक स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर उनकी शंकाओं का समाधान नहीं किया जाता यह स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगे। सोमवार के दिन भी बिजली बोर्ड के कर्मचारी स्मार्ट मीटर लगाने के लिए आए थे, लेकिन ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर नहीं लगवाए तथा बुधवार को ग्रामीणों के साथ मीटिंग करने के लिए कहा।

ग्रामीणों का कहना था कि बैठक में बिजली बोर्ड के अधिकारी शामिल हो और संबंधित स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के कर्मचारी भी मौजूद रहे। इस दौरान यदि स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कर दिया गया, तो मीटर लगवा लिए जाएंगे। ग्रामीणों की मानें तो मंगलवार दोपहर का समय दिया गया था। ग्रामीण तो एकत्रित हुए, परंतु बिजली बोर्ड के अधिकारी और संबंधित कंपनी के कर्मचारी मौके पर नहीं आए। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि जब स्मार्ट मीटर लगाने के संदर्भ में अधिकारी नहीं पहुंच रहे तो लगाने के बाद कौन पूछेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App