महिला मतदाता लिंगानुपात बढ़ाने को प्रशासन चिंतित

By: Jun 12th, 2026 12:45 am

देश में सबसे कम महिला मतदाता लिंगानुपात शिलाई में, 1000 पर सिर्फ 836 महिला मतदाता
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
देश भर के समस्त विधानसभा क्षेत्रों में सबसे कम महिला मतदाता लिंगानुपात हिमाचल के शिलाई विधानसभा क्षेत्र का है। बार-बार जिला प्रशासन इस दिशा में योजना के तहत कार्य तो कर रही है, परंतु अभी भी यह योजना पूरी तरह सिरे नहीं चढ़ पाई है। यही कारण है कि अब प्रशासन की ओर से एसडीएम शिलाई जसपाल ने एक नई रणनीति बनाई है। इस नीति के तहत 18 जून से 10 बीएलओ और 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं अपने केंद्र के सर्वेक्षण पंजीयक को साथ लेकर एसडीएम कार्यालय में आएंगी। गौर हो कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पास उसके आंगनबाड़ी केंद्र का अपडेटेड छमाही सर्वे नाम वार और उम्र वार होता है। एसडीएम जसपाल खुद इस सर्वे रजिस्टर से 18 वर्ष से उपर की उन महिलाओं की पहचान करेंगे, जिनका मतदाता पहचान पत्र नहीं बना है। तत्त्पश्चात बीएलओ से उसी वक्त फॉर्म भरवाकर सुनिश्चित किया जाएगा कि उसके क्षेत्र की छूटी हुई महिला का वह पहचान पत्र बनवाएं। गौर हो कि शिलाई विधानसभा में महिला मतदाता लिंगानुपात पूरे भारत वर्ष में सबसे कम था जो आरंभ में 801 प्रति 1000 पुरुष मतदाता था।

जैसे ही इस बात की जानकारी एसडीएम शिलाई को मिली तो उन्होंने प्रयास करना शुरू किया और एक रिकॉर्ड समय में इसे 801 से बढ़ाकर 836 तक पहुंचाया है। जिसकी प्रशंसा भारतीय चुनाव आयोग ने भी की है और राज्य निर्वाचन विभाग से वह सम्मानित भी हो चुके हैं। एसडीएम शिलाई का कहना है कि इस अनुपात को राष्ट्रीय अनुपात के बराबर ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। गत दिनों उन्होंने एक विशेष अभियान बीएलओ के माध्यम से भी चलाया परंतु कोई खास प्रगति नहीं हुई। फिर उनको नया उपाय सुझा कि क्यों न आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के सर्वे रजिस्टर से उन छूटी महिला मतदाताओं की पहचान की जाए। एसडीएम शिलाई जसपाल कहते हैं कि उन्होंने इस दिशा में कार्य करने की जो मशाल उठाई है वह शिलाई विधानसभा क्षेत्र की महिला मतदाता लिंगानुपात को बढ़ाकर ही शांत होगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वह स्वयं भी उनका सहयोग करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App