पौडिय़ां वाला बाजार में आवारा कुत्तों के आतंक से फैली दहशत
स्थानीय लोगों ने नगर निगम के कमिश्नर को ज्ञापन सौंप मांगा समाधान
नगर संवाददाता-ऊना
ऊना शहर के पौडिय़ां वाला बाजार क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। क्षेत्र के निवासी ईशान ओहरी ने नगर निगम ऊना ऊना के कमीशनर पृथीपाल सिंह को शिकायत सौंपकर आवारा कुत्तों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ईशान ओहरी ने बताया कि बेसहारा कुत्तों के एक झुंड ने एक मासूम बच्ची पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है तथा कई बार राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों पर हमला करने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। शिकायतकर्ता ने नगर निगम से मांग की है कि क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर आक्रामक और खतरनाक बेसहारा कुत्तों को पकडक़र सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए।
साथ ही आवारा कुत्तों की गणना, निगरानी, नसबंदी और टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है। उन्होंने घायल बच्ची के उपचार और आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने की भी मांग की है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जनहित और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मामले में शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है। शिकायत पत्र की प्रतियां नगर निगम ऊना और जिला प्रशासन को सौंप दी गई हैं।वहीं नीलाघाट वार्ड की भी एक महिला रानी देवी ने उपायुक्त ऊना को ज्ञापन सौंपकर आवारा कुत्तों के आंतक से निजात दिलाने की मांग उठाई। महिला ने बताया कि नीलाघाट में भारी संख्या में आवारा कुत्ते हैं। आए दिन उक्त कुत्ते किसी न किसी को काट रहे है। बीते कल ही कुत्ते ने उसकी बेटी को बुरी तरह से काट लिया। कुत्तों की समस्या से वह लोग काफी परेशान हो गए है।
संदिग्ध परिस्थियों में एक व्यक्ति की मौत
अंब। थाना अम्ब के तहत लोअर भंजाल क्षेत्र में एक 35 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान सोहन लाल पुत्र केवल कृष्ण निवासी लोअर भंजाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे सिविल अस्पताल अंब लेकर पहुंचे। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पत्नी से मारपीट के आरोप में पति-जेठ गिरफ्तार
चुरुडू। उपमंडल अंब के तहत ग्राम पंचायत बेहड़ जसवां के गांव कुंग्राला (बागड़ू) में घरेलू विवाद का मामला गंभीर रूप ले गया। पत्नी के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने महिला के पति और उसके जेठ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शांति भंग करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार एक महिला का किसी बात को लेकर अपने पति के साथ विवाद हो गया था। डीएसपी अंब अनिल पटयाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
