चंबा में बारिश का कहर; उफान पर नाले, सडक़ों पर मलबा

By: Jun 12th, 2026 12:49 am

निजी संवाददाता-मैहला
चंबा-भरमौर एनएच पर करियां के समीप नाले के उफान पर आने से भारी तादाद में मलबा आ पहुंचने से गुरुवार दोपहर बाद करीब डेढ घंटे वाहनों की आवाजाही ठप रही। इस दौरान एनएच के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। मार्ग बंद होने की सूचना पाते ही एनएच प्रबंधन ने जेसीबी मशीन संग मौके पर पहुंचकर मलबा व पत्थर हटाकर वाहनों की आवाजाही को सामान्य बनाया। इसके बाद ही बीच राह में फंसे वाहनों ने गंतव्य की राह पकड़ी।
जानकारी के अनुसार गुरूवार दोपहर बाद मूसलाधार बारिश के कारण करियां के पास अचानक नाला उफान पर आ गया।

नाले के तेज बहाव में बहकर मलबा व पत्थर एनएच पर पहुंच गए। इससे वाहनों के पहिये थमने के साथ ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। एनएच प्रबंधन को तुरंत मार्ग बंद होने की सूचना दी गई। इस पर एनएच प्रबंधन की ओर से जेसीबी मशीन संग फील्ड स्टाफ को मौके पर भेजकर मलबा व पत्थर हटाने का काम आरंभ किया। करीब डेढ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एनएच पर यातायात बहाल हो पाया।

सहायक अभियंता के बोल
एनएच मंडल चंबा के सहायक अभियंता ईं वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि करियां के पास नाले के उफान पर आने से एनएच पर मलबा व पत्थर आ पहुंचने से यातायात बाधित हुआ था। उन्होंने बताया कि मलबा व पत्थर हटाकर वाहनों की आवाजाही को सामान्य बना दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App