डलहौजी में भारी बारिश, जून में दिसंबर की ठंड का एहसास

By: Jun 12th, 2026 12:49 am

तापमान में गिरावट से पर्यटक गर्म कपड़े पहनने को मजबूर, सुहावने मौसम का लिया आनंद
स्टाफ रिपोर्टर-डलहौजी
पर्यटन नगरी डलहौजी में जून माह की गर्मी के बीच गुरुवार को हुई बारिश ने मौसम की काया ही पलट दी। बारिश के बाद तापमान में आई अचानक गिरावट से स्थानीय लोगों व पर्यटकों को जून में ही दिसंबर जैसी ठंड का एहसास हुआ। ठंडी हवाओं और रिमझिम फुहारों के बीच पूरा शहर सर्दियों की वादियों जैसा नजर आया, जिससे पर्यटक खासे रोमांचित दिखे। दोपहर को कुछ देर तक हुई झडीनुमा बारिश के बाद बढी ठंडक से बचने के लिए पर्यटकों ने गर्म कपडे पहन लिए और होटल, रेस्तरां व कैफे में बैठकर चाय और काफी की चुस्कियों के साथ सुहावने मौसम का आनंद लिया।

कई पर्यटक शहर के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर पहुंचकर बादलों, धुंध और हरियाली से सजे मनमोहक दृश्यों को अपने कैमरों और मोबाइल फोन में कैद करते नजर आए। डलहौजी घूमने आए पर्यटकों ने बताया कि यहां का मौसम बेहद सुहावना और मनमोहक है। उनका कहना था कि बारिश की रिमझिम फुहारों ने जून महीने में ही दिसंबर की ठिठुरन का एहसास करा दिया। पर्यटकों ने कहा कि जहां मैदानी क्षेत्र भीषण गर्मी से तप रहे हैं, वहीं डलहौजी का खुशगवार मौसम किसी जन्नत से कम नहीं लग रहा। उधर, पर्यटन कारोबारियों के अनुसार जून माह में इस तरह की ठंडक और रूमानी मौसम पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App