झमाझम बारिश के बीच बाबा अजीपाल के दर पर उमड़ी श्रद्धा

By: Jun 14th, 2026 12:48 am

भीगते हुए भी बाबा अजीपाल की समाधि पर शीश नवाते रहे श्रद्धालु

स्टाफ रिपोर्टर – दौलतपुर चौक
शिवालिक की सुरम्य वादियों में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सिद्ध बधमाणा धाम में शनिवार को पारंपरिक मेले का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा पड़ोसी राज्य पंजाब से भी सैकड़ों श्रद्धालु बाबा अजीपाल जी के दरबार में पहुंचकर नतमस्तक हुए। सुबह से ही श्रद्धालुओं की टोलियां भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ धाम पहुंचनी शुरू हो गई थीं। बारिश के बीच भी श्रद्धालु कतारों में लगकर बाबा अजीपाल जी की समाधि पर शीश नवाते रहे। श्रद्धालुओं ने विभूति माथे पर लगाई, चरणामृत एवं प्रसाद ग्रहण किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

पूरे दिन धाम परिसर सिद्ध बाबा अजीपाल जी की जय’ के जयघोषों से गूंजता रहा। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार बाबा अजीपाल जी ने इसी स्थान पर कठोर तपस्या कर आध्यात्मिक सिद्धियां प्राप्त की थीं। यही कारण है कि इस सिद्ध स्थल के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था बनी हुई है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य स्वीकार होती है तथा विशेष रूप से चर्म रोगों से पीड़ित श्रद्धालुओं के लिए यह स्थल आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App