मां चिंतपूर्णी के दरबार उमड़ा आस्था का सैलाब

By: Jun 14th, 2026 12:50 am

गर्मियों की छुट्टियों के चलते धार्मिक स्थलों के भ्रमण पर निकले श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़, लगे जयकारे
नगर संवाददाता-चिंतपूर्णी
शक्तिपीठ श्री मां चिंतपूर्णी के दरबार में इन दिनों श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ रहा है। गर्मियों की छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक स्थलों के भ्रमण पर निकले हुए हैं, जिसके चलते मां चिंतपूर्णी मंदिर में रोजाना हजारों श्रद्धालु माथा टेकने पहुंच रहे हैं। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर तथा अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के कारण मंदिर परिसर और आसपास के बाजारों में दिनभर रौनक बनी हुई है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। जिला ऊना सहित आसपास के क्षेत्रों में हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। तापमान में गिरावट आने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। ऐसे में श्रद्धालु न केवल मां चिंतपूर्णी के दर्शन करने पहुंच रहे हैं, बल्कि ठंडे और खुशनुमा मौसम का भी भरपूर आनंद ले रहे हैं। मंदिर में सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों और मंदिर कर्मचारियों की तैनाती की गई है। कतारों को व्यवस्थित रखने के साथ-साथ पेयजल, विश्राम और सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं का कहना है कि मां चिंतपूर्णी के दरबार में आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा का अनुभव होता है। वहीं हिमाचल के विभिन्न जिलों से आए श्रद्धालुओं ने भी मां के चरणों में शीश नवाया। मंदिर मार्ग और बाजार क्षेत्र में भी श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढऩे से व्यापारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई है। पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जवान तैनात किए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App