गर्मी पर बारिश का वार, बिलासपुर में लौटी बहार
रातभर बरसे मेघ, गर्मी से मिली राहत, 12 डिग्री तक लुढक़ा पारा, खेतों में उतरे किसान
स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
भीषण गर्मी और उमस से बेहाल बिलासपुर को प्री.मानसून की बारिश ने बड़ी राहत दी है। शुक्रवार देर रात तेज हवाओं और आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश ने जिले भर का मौसम बदल दिया। शनिवार को भी रुक.रुक कर हुई बारिश और बादलों की आवाजाही से वातावरण पूरी तरह ठंडा और सुहावना बना रहा। बारिश के चलते जिले के अधिकतम तापमान में करीब 11 से 12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गईए जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
पिछले कई दिनों से जिले में पड़ रही प्रचंड गर्मी और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था। शुक्रवार देर रात अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने गर्मी का असर काफी हद तक कम कर दिया। शनिवार सुबह लोगों का स्वागत ठंडी हवाओं और बादलों से हुआ। दिनभर मौसम खुशनुमा बना रहा और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा।
प्री.मानसून की इस बारिश का सबसे सकारात्मक असर कृषि क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने के बाद किसानों ने खेतों का रुख कर लिया है और खरीफ सीजन की गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों में किसान मक्की की बुवाई और रोपाई की तैयारियों में जुटे दिखाई दिए। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यह वर्षा खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी तथा इससे खेती.किसानी को नई गति मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी जिले के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह प्री.मानसून गतिविधियां मानसून के आगमन का संकेत हैं। प्री-मानसून बारिश के बाद जिले के ग्रामीण इलाकों में मक्की की बुवाई और रोपाई की तैयारियां तेज हो गई हैं। खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने से किसानों को राहत मिली है।
नकदी फसलों को मिली संजीवनी
बारिश से सब्जियों, अदरक, हल्दी, टमाटर और अन्य नकदी फसलों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से गर्मी और नमी की कमी से परेशान किसानों को इस वर्षा ने राहत दी है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार मिट्टी में नमी बढऩे से फसलों की बढ़वार बेहतर होगी और सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम होगा। किसानों को उम्मीद है कि मौसम का साथ मिला तो इस बार नकदी फसलों का उत्पादन बेहतर रहेगा और उन्हें अच्छे आर्थिक लाभ की प्राप्ति होगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
