नादौन पुल खुला… फोरलेन पर दौड़ीं गाडिय़ां

By: Jun 14th, 2026 12:51 am

25 मिनट का सफर अब महज 7 मिनट में, कांगड़ा-हमीरपुर-शिमला सफर हुआ आसान
कार्यालय संवाददाता – नादौन
धर्मशाला-शिमला फोरलेन पर नादौन में ब्यास नदी पर बने नए पुल पर यातायात बहाल हो गया है। गत वर्ष बरसात के समय ब्यास नदी में आई बाढ़ के कारण इस पुल का नादौन की और निर्माणाधीन पिल्लर काफी क्षतिग्रस्त होने के कारण निर्माण में देरी हुई, परंतु अब दोनों छोर का निर्माण होने के बाद टायरिंग का कार्य दो दिन पूर्व पूर्ण हो गया है। नादौन-हमीरपुर मार्ग पर गगाल गांव में बाइपास का साइन बोर्ड भी लगा दिया गया है। इस पुल पर यातायात बहाल हो जाने से ज्वालामुखी की ओर से हमीरपुर-शिमला आदि स्थानों को जाने वाले वाहन चालकों को नादौन शहर से गुजरते हुए अक्सर लगने वाले जाम से राहत मिल जाएगी।

ज्वालामुखी से नादौन की ओर आते हुए ब्यास नदी के पुराने पुल के साथ सटे भड़ोली गांव से यह फोनलेन आरंभ होगा तथा नए पुल से होते हुए शहर में स्थित एतिहासिक गुरुद्वारा के पास से गुजरते हुए प्रिंस होटल के निकट कुठार गांव तक शहर के बाहर से होते हुए हमीरपुर की ओर जाएगा। हमीरपुर से ज्वालामुखी की ओर जाते हुए शहर के आरंभ होते ही यह डाइवर्ट हो जाएगा, जहां पहले शहर से गुजरते हुए 20 से 25 मिनट लग जाते थे वहीं दूरी अब 6 से सात मिनट में तय हो जाएगी और लोगों का समय तो बचेगा ही यात्रा भी सुगम होगी।

शहर को जाम से मिली मुक्ति
पुल से गुजरते हुए विहंगम दृश्यों का भी अवलोकन होगा। इससे शहर से गुजरने वाले मार्ग पर यातायात का दवाब बहुत कम हो जाएगा। हालांकि इससे शहर के व्यापारियों और दुकानदारों पर भी असर पड़ेगा, परंतु वाहन चालकों को सुगम यातायात के कारण काफी राहत होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App