भोरंज कालेज के 25 जांबाज कैडेट्स सीखेंगे सेना के गुर
नवोदय विद्यालय डुंगरी में शुरू हो रहा 4 एचपी बटालियन का महा कैंप
निजी संवाददाता – भोरंज
4 एचपी बटालियन एनसीसी (हमीरपुर) के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 14 जून से 23 जून तक जवाहर नवोदय विद्यालय डुंगरी में किया जा रहा है। यह शिविर कर्नल जेपी सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित हो रहा है। इस प्रशिक्षण शिविर में राजकीय महाविद्यालय भोरंज के 25 एनसीसी कैडेट भाग ले रहे हैं। कैडेट साक्षी और अभिनंदन के नेतृत्व में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। शिविर के दौरान कैडेटों को ड्रिल, मैप रीडिंग, कंपास संचालन, हथियार प्रशिक्षण तथा अन्य सैन्य गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर का एक प्रमुख उद्देश्य कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना का विकास करना है। इसी प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड के लिए भी योग्य कैडेटों का चयन किया जाएगा। महाविद्यालय के प्राचार्य डा. विजय ठाकुर ने शिविर में भाग लेने वाले सभी कैडेटों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि एनसीसी से प्राप्त प्रशिक्षण जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होता है।
युवाओं में सकारात्मक सोच जगाएंगे ट्रेनिंग कैंप
महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी डा. वीरेंद्र ठाकुर ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने और उनमें सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर अत्यंत महत्त्वपूर्ण हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
