कांगड़ा के बॉक्सर राज्य स्तर पर दिखाएंगे दमखम

By: Jun 14th, 2026 12:50 am

पारस पब्लिक स्कूल भवारना के चार खिलाड़ी टीम में शामिल, जुब्बल में होगा बॉक्सिंग मुकाबला
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – पालमपुर
पारस पब्लिक स्कूल भवारना के निदेशक महेश कटोच एवं प्रधानाचार्या नीलम राणा ने जिला कांगड़ा अंडर-15 बालक एवं बालिका बॉक्सिंग टीम के चयनित 22 खिलाडिय़ों को राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाओं सहित रवाना किया। इसमें पारस स्कूल भवारना के अंश, अनुज, हिमांशु और वैष्णवी भी शामिल हैं। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 15 से 16 जून, 2026 तक जुब्बल जिला शिमला में आयोजित की जाएगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनित 13 बालक एवं 9 बालिका खिलाडिय़ों का विभिन्न भार वर्गों में राज्य प्रतियोगिता हेतु चयन हुआ है। खिलाडिय़ों के प्रस्थान अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें अनुशासन, खेल भावना एवं पूर्ण समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के निदेशक महेश कटोच ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। प्रधानाचार्या नीलम राणा ने सभी खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय को अपने खिलाडिय़ों की उपलब्धियों पर गर्व है। इस अवसर पर जिला कांगड़ा बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव एवं टीम प्रभारी कैलाश शर्मा, प्रेस सचिव अशोक राणा तथा वित्त सचिव यशपाल राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला कांगड़ा बॉक्सिंग एसोसिएशन ने विश्वास व्यक्त किया कि टीम के खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से अधिक से अधिक पदक जीतकर जिला कांगड़ा का गौरव बढ़ाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App