कंडागई में विजेता खिलाडिय़ों को दिया सम्मान
क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन, प्रधान प्रवीण वर्मा ने खिलाडिय़ों को किया सम्मानित
स्टाफ रिपोर्टर-कुमारसैन
कुमारसैन पंचायत के प्रधान प्रवीण वर्मा ने कंडागई-दलाश में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। आयोजन समिति ने पारंपरिक हिमाचली रीति-रिवाजों के अनुसार टोपी मफलर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। समापन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमीए महिला मंडल सदस्य तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधान प्रवीण वर्मा ने खेल गतिविधियों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। इस अवसर पर प्रधान प्रवीण वर्मा ने खिलाडिय़ों और क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए मैदान के विकास के लिए 51 हजार की नकद सहायता देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने मैदान को समतल आकर्षक और अधिक सुविधायुक्त बनाने का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू किया जाएगा ताकि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
समारोह का एक विशेष आकर्षण महिला मंडलों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर मुख्यातिथि सहित पंडाल में उपस्थित लोग भी झूमने पर मजबूर हो गए और तालियों की गडग़ड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यातिथि ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाडिय़ों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने मैदान के विकास के संकल्प का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व चैरमैन राजेश, संदीप ठाकुर, डीब पंचायत प्रधान योगराज, मोहन मुसाफिर समाज सेवी अनिल वर्मा व अन्य गणमान्य मोजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
