Monsoon : हिमाचल में देरी से आएगा मानसून, मौसम विभाग का पूर्वानुमान; 25 जून तक पहुंचने के आसार नहीं

By: Jun 22nd, 2026 12:07 am

मौसम विभाग का पूर्वानुमान; 25 जून तक पहुंचने के आसार नहीं, आज से 25 जून तक बारिश का अलर्ट

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मानसून की दस्तक का इंतजार लंबा होता दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में 22 से 25 जून के बीच गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने में अभी कुछ और दिन लग सकते हैं। सामान्य तौर पर हिमाचल में मानसून 25 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी बनी हुई है। पिछले वर्ष मानसून ने 20 जून को ही प्रदेश में दस्तक दे दी थी। अगले दो दिनों में महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। हालांकि हिमाचल तक इसके पहुंचने में अभी समय लग सकता है।

विभाग ने 22 से 25 जून के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। शिमला जिले में 23, 24 और 25 जून को गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। सिरमौर जिला में 24 और 25 जून को इसी तरह की चेतावनी दी गई है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, किन्नौर तथा लाहुल-स्पीति जिलों के लिए किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की है।

न्यूनतम तापमान

पांवटा साहिब 27.0, नेरी 26.0, देहरा गोपीपुर 25.1, बिलासपुर 24.0, मंडी 22.2, ऊना 22.0, कांगड़ा 21.7, सुंदरनगर 21.6, हमीरपुर 21.5, जुब्बड़हट्टी 20.4, बरठीं 20.8, पालमपुर 20.0, नाहन 19.9, भुंतर और सोलन 18.6, सराहन 18.2, शिमला 17.0, सैंजोबाग 16.4, धर्मशाला और मशोबरा 15.4, मनाली और रिकांगपिओ 14.6, भरमौर 14.0, कुफरी 14.0, नारकंडा 12.3, कल्पा 11.0, तबो 8.4, कुकुमसेरी 7.0 और केलांग में सबसे कम 6.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया

जून में कहां, कितनी बारिश

पहली से 21 जून तक राज्य में सामान्य से 20 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि के लिए 60.2 एमएम बारिश को सामान्य माना गया, लेकिन वास्तव में 48.1 फीसदी बारिश ही हुई। बिलासपुर में सामान्य से 65, चंबा में 25, हमीरपुर में 32, कांगड़ा में 17, कुल्लू में 32, लाहुल-स्पीति में 43, मंडी में 30, सिरमौर में 29 व ऊना में 16 फीसदी कम बारिश हुई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App