पानीपत अस्पताल में युवक की मौत पर हंगामा, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिजन एंबुलेंस में छोड़ गए शव

By: Jul 3rd, 2026 12:06 am

आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिजन एंबुलेंस में छोड़ गए शव; हत्या करने का जड़ा आरोप; जमकर किया प्रदर्शन

निजी संवाददाता- पानीपत

पानीपत के खोतपुरा गांव के डेरा मंचुरी में सुशील की ओखली से सिर पर वार कर हत्या किए जाने के मामले में बुधवार को परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिला नागरिक अस्पताल में करीब तीन घंटे तक हंगामा किया। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर परिजन शव एंबुलेंस में ही छोडक़र गांव लौट गए। बाद में डीएसपी नवीन संधू उनके घर पहुंचे और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर उन्हें वापस मनाकर लाए। नाराज परिजनों का आरोप है कि हत्या से करीब दो घंटे पहले ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी कि आरोपी अभिषेक गांव में घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है। इसके बावजूद थाना सेक्टर-13-17 पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि यदि पुलिस समय रहते सक्रिय होती तो सुशील की जान बचाई जा सकती थी। पुलिस ने मृतक सुशील की पत्नी कविता की शिकायत पर आरोपी अभिषेक के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। वहीं, परिजन कविता ने बताया कि अभिषेक रिश्ते में उनका भतीजा लगता है और उसका पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का व्यवहार रहा है।

वह परिवार के लोगों से अक्सर झगड़ा करता था। करीब डेढ़ माह पहले उसका सुशील से भी विवाद हुआ था, जिसकी सूचना डायल-112 पर दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद से अभिषेक रंजिश रखने लगा था। कविता के अनुसार, मंगलवार शाम करीब छह बजे अभिषेक गांव में दिखाई दिया। उन्होंने पुलिस को फोन कर आशंका जताई कि वह किसी गंभीर वारदात को अंजाम दे सकता है। आरोप है कि पुलिस ने इस सूचना को भी गंभीरता से नहीं लिया। करीब दो घंटे बाद रात आठ बजे अभिषेक ने गली से गुजर रहे सुशील पर ओखली से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी और लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने दोपहर 12 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नागरिक अस्पताल में हंगामा किया। उन्होंने गिरफ्तारी होने तक शव लेने और अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया तथा गांव लौट गए। इसके बाद डीएसपी नवीन संधू स्वयं उनके घर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और पुलिस की कथित लापरवाही की जांच कर दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और बुधवार शाम करीब चार बजे शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हुए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App