Himachal Crime : बरोटीवाला में प्रवासी युवक की हत्या, दो संदिग्ध हिरासत में
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — बरोटीवाला
औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के लोअर भटेड़ गांव में आपसी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद इतना बढ़ा कि 28 वर्षीय प्रवासी युवक की सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह शिव मंदिर के समीप उसका खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बद्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आई है, जबकि पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी गहन पड़ताल कर रही है। पुलिस के अनुसार गत बुधवार देर रात मृतक आशुतोष का कुछ लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और आरोपियों ने उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। मृतक की पहचान आशुतोष कुमार गौरव (28) पुत्र अजीत कुमार गांव बौलिया नौहटा जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है।
वह बरोटीवाला की एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत था और अपने परिवार के साथ लोअर भटेड़ में किराये के मकान में रहता था। गुरुवार सुबह जब स्थानीय लोग शिव मंदिर के पास पहुंचे, तो युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही थाना बरोटीवाला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सील कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए, जबकि सीसीटीवी और साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। एफएसएलए सीसीटीवी और साइबर टीम की मदद से हर पहलू की जांच की जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

