मंडी में देव भूमि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आगाज़

By: Jul 3rd, 2026 10:01 pm

पहाड़ के जनजीवन और समृद्ध संस्कृति से परिचित होंगे देश और दुनिया के लोग

कार्यालय संवाददाता— मंडी

मंडी संस्कृति सदन में तीन दिवसीय देव भूमि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का शुभारंभ हो गया है। खाद्य एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष एवं भारत सरकार के पूर्व कृषि एवं पशु पालन सचिव तरुण श्रीधर ने इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर हिंदी सिनेमा की प्रमुख हस्तियां अभिनेता संजय मिश्रा, आदित्य श्रीवास्तव, राजेश जैश और हेमंत पांडे विशेष रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर तरुण श्रीधर ने कहा कि फिल्में चाहे अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय या राज्य स्तर पर बनाई गई हों, यह सब समाज के दर्पण के रूप में कार्य करती हैं और कलाकारों को अभिव्यक्ति का सशक्त मंच प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि कला समाज का प्रतिबिंब ही नहीं होती समाज को दिशा भी देती है। फेस्टिवल डायरेक्टर पवन शर्मा ने मुख्यातिथि तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। देवभूमि फिल्म फेस्टिवल के माध्यम से विभिन्न भाषाओं की फिल्मों को दिखाया जाएगा, जो समाज की सही तस्वीर को पेश करती हैं।

बीरबल शर्मा को लाइफ टाइम और मुरारी शर्मा को साहित्य अचीवर अवार्ड

मंडी में देवभूमि लाइफ टाइम अचीवर्स अवार्ड प्रदान किए गए। छायाकार बीरबल शर्मा को लाइफ टाइम अचीवर सम्मान से अलंकृत किया गया। साहित्यकार मुरारी शर्मा को देवभूमि साहित्य अचीवर्स सम्मान से सम्मानित किया गया। स्वर कोकिला शुक्ला शर्मा को संगीत के लिए देवभूमि लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, उपन्यासकार गंगा राम राजी को साहित्य के लिए, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी को देव-भूमि महिला सशक्ति सम्मान से, उमेश भारद्वाज को देव भूमि संगीत पुरस्कार से, नंद लाल को वास्तुकार कला क्षेत्र में बेहतरीन योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दो शार्ट फिल्में ‘गुलर के फूल’ और ‘बर्थ डे केक’ दर्शकों को दिखाई गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App