साल बाद भी अधूरी रयूंद पुल की उम्मीद, जानलेवा बनी कांगड़ा बाइपास-सुरंग सडक़
कच्छयारी-रानीताल निर्माणाधीन फोरलेन पर रोजाना हजारों लोग, पर्यटक और वाहन चालक जोखिम भरे सफर के लिए मजबूर
नगर संवाददाता- कांगड़ा
कच्छयारी-रानीताल निर्माणाधीन फोरलेन परियोजना के तहत तरसूह गांव के समीप रयूंद खड्ड पर बन रहा पुल अब केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि लोगों की बढ़ती परेशानी और सरकारी दावों पर उठते सवालों का प्रतीक बन गया है। पिछले एक वर्ष से अधिक समय से पुल जल्द तैयार होने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन आज तक इसे यातायात के लिए शुरू नहीं किया जा सका। इसका खामियाजा रोजाना हजारों स्थानीय लोगों, पर्यटकों और वाहन चालकों को टूटी सडक़ों, ट्रैफिक जाम और जोखिम भरे सफर के रूप में भुगतना पड़ रहा है। निर्माण कंपनी का कहना है कि पुल का अधिकांश ढांचा तैयार हो चुका है और आधुनिक तकनीक की सहायता से युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।
निर्माण स्थल पर भारी मशीनरी और आधुनिक तकनीकों को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से लोग भी पहुंच रहे हैं। लोगों को उम्मीद है कि पुल बनने के बाद क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और यात्रा का समय भी कम होगा। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। पिछले एक वर्ष से अधिक समय से निर्माण कंपनी पुल का कार्य जल्द पूरा होने के दावे करती आ रही है, लेकिन हर बार समय सीमा आगे बढ़ा दी जाती है। यदि इस वर्ष भी बरसात से पहले पुल तैयार नहीं हुआ तो लोगों को एक बार फिर लंबे इंतजार का सामना करना पड़ेगा। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि अधूरे फोरलेन पर वाहन चालकों से टोल वसूला जा रहा है, जबकि उन्हें न तो बेहतर सडक़ मिल रही है और न ही सुरक्षित आवागमन की सुविधा। कांगड़ा बाइपास से सुरंग तक सडक़ की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कई स्थानों पर सडक़ गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश के दौरान यह मार्ग और अधिक खतरनाक बन जाता है तथा वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। करीब एक सप्ताह पहले सडक़ की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया था। बीच में क्यों रोक दिया गया ।
ग्रामीण बोले, बरसात से पहले पूरा हो पुल का काम
स्थानीय लोगों का कहना है कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम दिखाई देना चाहिए। लोगों की मांग है कि पुल का निर्माण बरसात से पहले हर हाल में पूरा किया जाए। कांगड़ा बाइपास से सुरंग तक क्षतिग्रस्त सडक़ की तत्काल मरम्मत कर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित किया जाए। आखिर जनता कब तक अधूरी परियोजनाओं, टूटी सडक़ों और लगातार मिल रहे आश्वासनों के सहारे सफर करती रहेगी। ऐसे में लोगों में भारी रोष है।
अधिशाषी अभियंता रवि भूषण के बोल
हालांकि कांगड़ा बाइपास से सुरंग तक सडक़ की बदहाल स्थिति को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता रवि भूषण ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को जल्द सडक़ सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिशाषी अभियंता ने कहा कि पहले इस मार्ग पर भारी ट्रैफिक के कारण मरम्मत कार्य में दिक्कत आ रही थी। अब यातायात सामान्य होने लगा है, जिससे सडक़ की मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

