गुरदासपुर में युवक की हत्या, पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने ली जान, तीन घायल अस्पताल में भर्ती

By: Jul 6th, 2026 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-पठानकोट

गुरदासपुर जिले के पुराना शाला क्षेत्र में पुरानी रंजिश एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई। देर रात हुए तेजधार हथियारों के हमले में 26 वर्षीय रोहित सिंह की मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है, कि हमला अमरीका में रह रहे एक युवक के इशारे पर करवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार भुंडेवाल गांव निवासी रोहित सिंह अपने दोस्त गुरजंट सिंह और अन्य साथियों के साथ पुराना शाला इलाके में मौजूद था। इसी दौरान कुछ हमलावर वहां पहुंचे और तेजधार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रोहित सहित चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गयाए लेकिन चिकित्सकों ने रोहित सिंह को मृत घोषित कर दिया।

अन्य घायलों का इलाज जारी है। मृतक के पिता बलवान सिंह और भाई रणजीत सिंह ने आरोप लगाया कि यह हमला पहले से सुनियोजित था। उनका कहना है कि अमेरिका में रह रहे विशाल ठाकुर ने पुरानी रंजिश के चलते अपने साथियों से यह वारदात करवाई। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, घायलों को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल लाया गया था। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहींए जांच अधिकारी का कहना है, कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App