पहली बार रोमांटिक जोड़ी के रूप में नजर आएंगे अली फज़़ल और ऋचा चड्ढा
मुंबई। अभिनेता अली फज़़ल और अभिनेत्री ऋचा चड्ढा पहली बार बड़े पर्दे पर रोमांटिक जोड़ी के रूप में दिखाई देंगे। दोनों एक अनटाइटल्ड सिचुएशनल कॉमेडी फिल्म में मुख्य भूमिकाएं निभाएंगे, जिसका निर्माण सीनवर्क प्रोडक्शंस और गिरिराज प्रोडक्शंस संयुक्त रूप से कर रहे हैं। फिल्म में कुमुद मिश्रा भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। दिल्ली की रंग-बिरंगी और भागदौड़ भरी जिंदगी की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन अभिनेता, लेखक और निर्देशक शाशी वर्मा करेंगे। बतौर अभिनेता वह बाला, गुंजन सक्सेना और कठल जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं, जबकि लेखक-निर्देशक के रूप में एके47 और मुर्गा ट्रॉफी का निर्देशन कर चुके हैं।
उनकी नई फिल्म मनोरंजन के साथ हल्का-फुल्का सामाजिक संदेश भी देगी। फिल्म की शूटिंग वर्ष 2026 के दूसरे हिस्से में शुरू होगी और इसे अप्रैल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है। हालांकि अली फज़़ल और ऋचा चड्ढा फुकरे फ्रेंचाइजी में साथ काम कर चुके हैं, लेकिन पहली बार किसी ऐसी फिल्म में एक-दूसरे के अपोजिट दिखाई देंगे, जिसकी पूरी कहानी उन्हीं के इर्द-गिर्द घूमती है। यही इस फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है। अली फज़़ल ने कहा कि मेरा हमेशा से मानना रहा है कि सबसे अच्छी कॉमेडी ईमानदार किरदारों और वास्तविक परिस्थितियों से निकलती है। स्क्रिप्ट पढ़ते ही मुझे लगा कि इसमें कुछ खास है। ऋचा के साथ पहली बार इस तरह स्क्रीन शेयर करना बेहद रोमांचक है। मैं लंबे समय से शाशी वर्मा के काम का प्रशंसक रहा हूं और उनके साथ काम करने की इच्छा थी।
ऋचा चड्ढा ने कहा कि इस कहानी की सादगी, ईमानदारी और आम लोगों की जिंदगी से उसका जुड़ाव मुझे सबसे ज्यादा पसंद आया। इसमें हास्य और भावनाओं के साथ एक खूबसूरत सामाजिक संदेश भी है। अली और मैंने पहले साथ काम किया है, लेकिन इस तरह कभी नहीं। दर्शकों को हमारी नई केमिस्ट्री देखने को मिलेगी। निर्देशक शाशी वर्मा ने कहा कि यह फिल्म लोगों, रिश्तों, समाज के नजरिए और उन छोटी-छोटी घटनाओं की कहानी है, जो किसी की जिंदगी बदल सकती हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म में दिल्ली खुद एक किरदार की तरह मौजूद रहेगी और अली, ऋचा तथा कुमुद मिश्रा जैसे कलाकार कहानी में गहराई और सहजता जोड़ेंगे। गिरिराज प्रोडक्शंस के मुकेश गिरी ने कहा कि कहानी की सच्चाई, हास्य और हर वर्ग के दर्शकों से जुडऩे की क्षमता ने उन्हें शुरुआत से ही प्रभावित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि अली फज़़ल और ऋचा चड्ढा की नई जोड़ी तथा शाशी वर्मा के निर्देशन में बनी यह फिल्म वर्ष 2027 में दर्शकों को बेहद पसंद आएगी। यह घोषणा सीनवर्क प्रोडक्शंस और गिरिराज प्रोडक्शंस की बच्चों पर आधारित स्पोट्र्स फिल्म मुर्गा ट्रॉफी की शूटिंग पूरी होने के बाद की गई है। दोनों प्रोडक्शन हाउस अब विभिन्न शैलियों की नई और रोचक कहानियां दर्शकों के सामने लाने की तैयारी में हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

